अमृतसर में अटारी बॉर्डर पर गुरुवार को रिट्रीट सेरेमनी के दौरान दोनों देशों के गेट नहीं खोले गए। बंद गेटों के बीच दोनों देशों के झंडे उतारे गए। इसके साथ BSF के जवानों ने पाक रेंजर्स से हाथ भी नहीं मिलाया। वहीं सेरेमनी में लोगों की संख्या भी कम रही। रोजाना करीब 20 हजार लोग पहुंचते थे, लेकिन गुरुवार को सिर्फ 10 हजार लोग ही सेरेमनी में पहुंचे। इस दौरान लोगों ने हाथ में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए। पंजाब पुलिस के प्रोटोकॉल अधिकारी अरुण माहल ने कहा कि आज 105 भारतीय पाकिस्तान से भारत लौटे। 28 पाकिस्तानी नागरिक वापस पाकिस्तान गए हैं। सेरेमनी में कम लोगों के पहुंचने पर अरुण ने कहा कि पहलगाम में आतंकी हमले के बाद लोगों में डर का माहौल है, लेकिन फिर भी यहां पहुंचे लोगों में उत्साह दिखा। सूत्रों के मुताबिक, अभी भारत में करीब 6 से 7 हजार पाकिस्तानी मौजूद हैं। वहीं पाकिस्तान में करीब ढाई से 3 हजार लोग मौजूद हैं। बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद अटारी बॉर्डर बंद कर दिया गया है। रिट्रीट सेरेमनी के PHOTOS… आतंकी हमले के बाद पंजाब में केंद्र सरकार के अटारी बॉर्डर बंद करने के ऐलान के बाद वीजा लेकर भारत आए पाकिस्तानी नागरिक अटारी चेक पोस्ट से वापस लौट रहे हैं। कोई मायके तो कोई रिश्तेदारी मेंं आया था। भारत सरकार ने पाकिस्तान लौटने के लिए 48 घंटे का समय दिया है। पाकिस्तान लौट रहे ताहिर ने कहा- दोनों देशों के बीच पैदा हुए हालातों के कारण उन्हें तत्काल वापस लौटना पड़ रहा है। भारत सरकार ने आदेश दिया है कि 48 घंटे में वापस लौटा जाए। सादिया बोली- मायके आई थी, अब वापस जाना पड़ रहा
पाकिस्तान से अपने मायके आई सादिया भावुक दिखीं। उन्होंने कहा कि वह भारत की बेटी है। यहीं पली-बढ़ीं हैं, लेकिन उनकी शादी पाकिस्तान में हुई। वह अपने मायके आई थी। अभी उनके पास वीजा है और उन्हें वापस जाना पड़ रहा है। जो भी पहलगाम में हुआ, वे बुरा हुआ। लेकिन इस पर कोई कमेंट नहीं करना चाहती हैं। दूसरी तरफ भारतीय नागरिक जो घूमने के लिए पाकिस्तान गए थे, वे भी अब भारत लौटने लगे हैं। पाकिस्तान से लौटे अहमदाबाद के रहने वाले साजिद ने बताया कि वे कराची गए थे। वहां रिश्तेदारी में शादी थी। एक माह का वीजा था, लेकिन 10 दिन में ही लौट आए। क्यों लौटे? इस सवाल पर कहना था कि वहां दिल नहीं लगा, पहले ही टिकट करा दिए थे, इसलिए लौट आए है। वहां की सरकार ने कुछ कहा? इस सवाल पर कहा कि नहीं किसी ने वहां कुछ नहीं कहा। इस बीच कुछ भारतीय परिवार भी अटारी बॉर्डर पर पहुंचे, जिनके पास पाकिस्तान जाने का वीजा था, लेकिन उन्हें इस पोस्ट से वापस भेज दिया गया है। अटारी बॉर्डर से वापस जा रहे पाकिस्तानियों की PHOTOS…