लखीसराय के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह खावा बड़ी टोला के पास दो मैजिक वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान खावा चंद्रटोला निवासी राधे महतो के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान अमरजीत महतो, हुल्लक महतो, सुखिया देवी, पिंकी देवी और रंजीत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को पहले सदर अस्पताल लखीसराय लाया। जहां उनकी स्थिति नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक फरार घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार एक मैजिक वाहन खावा चंद्रटोला से सवारियों को लेकर किरनपुर के खेतों में सब्जी तोड़ने जा रहा था। तभी सामने से आ रहे मालवाहक मैजिक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दूसरे मैजिक का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों वाहन तेज गति में थे। इसी कारण नियंत्रण खोकर हादसा हुआ। सूर्यगढ़ा थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग की है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।