पटियाला में USA ट्रेड डील पर कांग्रेस का विरोध:लोगों को मारने वाली नीति बताया, महिला प्रदेशाध्यक्ष बोलीं-किसानों पर पड़ेगा असर

पटियाला में पंजाब महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार की अमेरिका के साथ हुई व्यापारिक डील का विरोध किया। पंजाब महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुरशरण कौर रंधावा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुरिंदर ढिल्लों ने पटियाला के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर इस समझौते के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। गुरशरण कौर रंधावा ने कहा कि इस डील के तहत अमेरिका से आने वाले सामान पर कोई टैक्स नहीं लगेगा, जिसका सीधा असर भारतीय किसानों पर पड़ेगा। उन्होंने इस समझौते का कड़ा विरोध किया। भाजपा सरकार की “लोगों को मारने वाली नीति” वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सेवानिवृत्त ADGP गुरिंदर ढिल्लों ने कहा कि यह भाजपा सरकार की “लोगों को मारने वाली नीति” है। उन्होंने इसे किसानों और मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला बताया, जिसकी तुलना पहले लाए गए कृषि कानूनों से की। ढिल्लों ने आगे कहा कि पंजाब जैसे कृषि प्रधान राज्य में जब टैरिफ कम होगा, तो अमेरिका से शहद, सोयाबीन और दूध जैसे उत्पाद बिना टैक्स के भारत आएंगे। इससे न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) भी खतरे में पड़ जाएगा, जिससे किसानों और मजदूरों को भारी नुकसान होगा। फसलों पर MSP कमजोर करेगी डील उन्होंने बताया कि आज कई किसान और मजदूर MSP की गारंटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस का मानना है कि यह डील किसानों की सभी फसलों पर MSP सुनिश्चित करने की लड़ाई को कमजोर करेगी। यह विरोध प्रदर्शन पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के निर्देश पर पूरे पंजाब में आयोजित किया गया। पटियाला में शहरी अध्यक्ष और महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्षों सहित ब्लॉक अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों और राज्य पदाधिकारियों की पूरी टीम ने राहुल गांधी और राजा वारिंग के आह्वान पर डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *