पादरी बजिंदर के सपोर्टर रेप पीड़िता को डरा रहे:नाम-पता सोशल मीडिया पर डाला; इसी केस में मोहाली कोर्ट ने सुनाई थी उम्रकैद की सजा

पंजाब में पादरी बजिंदर सिंह के जेल जाने के बाद अब उसके सपोर्टर रेप पीड़िता को परेशान कर रहे हैं। उसके सपोर्टर पीड़िता को सोशल मीडिया पर गालियां दे रहे हैं और उसकी पहचान उजागर कर रहे हैं। साथ ही ये लोग पीड़िता के घर वालों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसे लेकर पीड़िता ने बलौंगी थाने में एक FIR भी दर्ज करवाई है, जिसमें पीड़िता ने बताया है कि कुछ लोग उसका नाम और घर का पता सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं। पीड़िता ने करीब 6 लोगों के नाम भी पुलिस को दिए हैं। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। इस मामले में पुलिस साइबर सेल की मदद ले रही है, ताकि इस केस को सुलझाया जा सके। 8 दिन पहले ही मोहाली कोर्ट ने बजिंदर सिंह को 7 साल पुराने रेप केस में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। FIR में युवती की 6 बड़ी बातें… 1. पादरी के समर्थक पहचान उजागर कर रहे
पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि उसकी शिकायत पर पादरी बजिंदर को 1 अप्रैल को उम्रकैद की सजा हुई है। अदालत के आदेश के मुताबिक कोई भी व्यक्ति यदि रेप पीड़िता की पहचान उजागर करता है तो उस पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है। फिर भी बजिंदर के समर्थक ने अनधिकृत यूट्यूब चैनल पर 3 अप्रैल को एक वीडियो अपलोड किया। 2. यूट्यूबर ने पादरी के चेले का इंटरव्यू चलाया
पीड़िता ने पुलिस को एक यूट्यूब चैनल का नाम बताया है, जो आरोपी आशीष राजकुमार का है। पीड़िता ने बताया कि इस पर एक वीडियो डाला गया। इस वीडियो में आरोपी एक व्यक्ति से बात कर रहा है जो बजिंदर का चेला है। इसमें उसके और पति का नाम, पता, फोटो और व्यक्तिगत CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर सार्वजनिक की गई हैं। यह घटना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। 3. मुझे गालियां दी जा रहीं
पीड़िता ने बताया- 5 अप्रैल को आरोपी आशीष राजकुमार ने एक और रिकॉर्डिंग शेयर की। इस दौरान आरोपी आशीष किसी अवि नाम के व्यक्ति से बात कर रहा था। वह व्यक्ति भी मेरे बारे में गलत बातें कह रहा था और अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहा था। इस रिकॉर्डिंग में मेरी पहचान भी उजागर की गई है। 4. IT सेल वाले CCTV फुटेज डाल रहे
इसके अलावा पादरी बजिंदर के आईटी सेल द्वारा भी मेरी व्यक्तिगत CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड की जा रही है। ऐसा कर आरोपी मेरे और मेरे पति के खिलाफ मसीही समाज को भड़का रहे हैं। साथ ही यह प्रचार कर रहे हैं कि हमने मसीही समाज को बहुत बड़ा नुकसान पहुंचाया है। मेरे पति को फोन पर जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं। 5. 15 मिलियन लोगों ने वीडियो देखा
पीड़िता का आरोप है कि यह सब जानबूझकर किया जा रहा है। कई अनजान लोगों का हमारे घर और ऑफिस में आना-जाना लगा रहता है। सभी वीडियो अन्य यूट्यूब चैनलों पर भी हैं। इन वीडियो को अब तक लगभग 15 मिलियन लोगों ने देखा है। 6. लोगों को हमला करने के लिए उकसा रहे
पीड़िता का कहना है- मेरी और मेरे पति की पहचान उजागर कर लोगों को भड़काया जा रहा है, ताकि कोई समर्थक भावुक होकर हम पर हमला कर दे। वाल्मीकि समाज के कई संगठन भी मेरे साथ खड़े हैं। इन यूट्यूबरों की हरकतों से पंजाब के माहौल को नुकसान हो सकता है। इसके पीछे के मास्टरमाइंड पादरी बजिंदर की संस्था से जुड़े लोग हैं। ऐसे में इस मामले में तुरंत कार्रवाई की जाए। 3 पॉइंट में जानिए पूरा मामला… ये 2 आरोप भी बजिंदर सिंह पर लगे… 1. चंडीगढ़ ऑफिस में महिला को पीटा
बजिंदर के खिलाफ एक मामला महिला से मारपीट का है। इसका खुलासा 16 मार्च 2025 को वीडियो सामने आने के बाद हुआ। वीडियो में बजिंदर सिंह एक महिला को थप्पड़ मारता दिखा। उसने अपने चंडीगढ़ ऑफिस में बच्चे के साथ बैठी इस महिला के मुंह पर कॉपी भी फेंक कर मारी थी। यह घटना 14 फरवरी की है। मोहाली की रहने वाली इस 40 वर्षीय महिला ने बजिंदर पर केस किया। वह 13-14 सालों से पादरी के पास काम करती थी। 2. कपूरथला में महिला का यौन उत्पीड़न किया
बजिंदर सिंह पर हाल ही में कपूरथला में एक महिला के यौन उत्पीड़न का केस दर्ज हुआ है। महिला ने पुलिस से कहा था कि ताजपुर गांव में ‘द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम’ के पादरी बजिंदर सिंह ने जालंधर में उसके साथ गलत हरकतें कीं। बजिंदर ने उसका फोन नंबर लेकर अश्लील मैसेज भेजे। उसे चर्च में अकेले केबिन में बैठाया और 2022 में केबिन में ले जाकर यौन उत्पीड़न किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *