बिहार के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। आज यानी बुधवार को लखीसराय, मधुबनी में तेज बारिश हो रही है। वहीं सहरसा, बेगूसराय के ग्रामीण क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही है। इसके अलावे मुंगेर में बादल छाए हैं, तेज हवा भी चली रही है। बेगूसराय में आकाशीय बिजली गिरने से 2 की मौत हो गई है। इनमें एक बुजुर्ग, एक 13 साल की लड़की है। वहीं मुंगेर में ठनका की चपेट में आने से एक शख्स घायल है। मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल में ओला गिरने की चेतावनी जारी की है। तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावे 27 जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। दरअसल, असम और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का क्षेत्र के कारण बिहार तक नमी युक्त हवाएं आ रही है। इसी हवा से उत्तर-पूर्व के इलाकों में मौसम बदला है। राज्य के अलग-अलग भागों में 13 अप्रैल तक मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। तापमान 2 डिग्री गिरा लेकिन उमस बढ़ी बिहार में अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक घटा है। लेकिन न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़ गया है। न्यूनतम तापमान और हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से उमस का एहसास बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जैसे-जैसे न्यूनतम तापमान और हवा में नमी की मात्रा बढ़ेगी गर्मी अधिक महसूस होगी। औरंगाबाद रहा सबसे गर्म जिला पटना में मंगलवार का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, लेकिन न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री हो गया। राज्य के अधिकांश जगहों पर न्यूनतम तापमान 22 डिग्री से 27 डिग्री के बीच रहा। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान गया में 27.2 डिग्री दर्ज किया गया। औरंगाबाद के डेहरी में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 40.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया है। किसानों से सावधानी बरतने की अपील मौसम में यह बदलाव फसलों पर भी असर डाल सकता है, इसलिए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि यदि फसल तैयार है तो जल्द से जल्द कटनी और दौनी कर लें। कटाई के बाद फसल को सुरक्षित स्थान पर ढंककर रखें। ताकि बारिश और आंधी से नुकसान न हो।