बिहार में भीषण गर्मी के बीच सोमवार की शाम कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश हुई। इससे मंगलवार को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी बुधवार को 24 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसके अलावा अलर्ट वाले जिलों में आकाशीय बिजली भी गिरने की आशंका है। बाकी जिलों में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहेंगे। पिछले 24 घंटे में खगड़िया में बारिश हुई। बेगूसराय में बादल छाए रहे और मौसम सुहावना रहा। पटना में उमस थी लेकिन गर्मी की तपिश कम रही। बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ से बदल रहा मौसम मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार में मौसम का बदलाव बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव के कारण हो रहा है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी लिए हवा पूर्वी बिहार की ओर बढ़ रही हैं, जबकि उत्तर-पश्चिम दिशा से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ वातावरण में अस्थिरता पैदा कर रहा है। इसकी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल बन रहे हैं और आंधी-बारिश की स्थिति बन जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दिन में तेज धूप और अधिक तापमान के कारण जमीन गर्म हो रही है।। जबकि ऊपर की परतों में नमी बढ़ने से वातावरण में ऊर्जा जमा हो रही है। यही कारण है कि शाम के समय अचानक तेज हवा, गर्जन और बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं। अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। खासकर उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में मौसम तेजी से बदल सकता है। वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। कई जिलों में तापमान में आई गिरावट पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हुई बारिश और तेज हवा के कारण अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद कुछ जिलों में अधिकतम तापमान अब भी 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के 34 जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। इससे लोगों को पिछले दिनों की तुलना में थोड़ी राहत मिली है। पटना में कैसा रहेगा मौसम राजधानी में बुधवार को दिनभर धूप निकलेगी। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी अधिक महसूस होगी। हालांकि, दोपहर के बाद बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। तेज हवा चलने के भी आसार हैं। पटना का अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक बिहार के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश, तेज हवा और वज्रपात की आशंका है। अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बदलाव के संकेत नहीं हैं।