संगरूर में सो रहा परिवार आग में फंसा:उठती लपटें देख ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर सुरक्षित निकाला, फायर ब्रिगेड ने आग पाया काबू

संगरूर जिले के लहरागागा क्षेत्र के गांव चोटियां में देर रात एक परिवार के घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। गांव वालों ने समय रहते परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पीड़ित राकेश कुमार गांव में दुकानदारी का काम करता है। देर रात उसके घर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। पड़ोसियों ने आग देखकर तुरंत शोर मचाया और परिवार को बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंच गए। उस समय परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे और उन्हें आग लगने की जानकारी तक नहीं थी। गेट तोड़कर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला स्थिति गंभीर होती देख गांव के लोगों ने घर के गेट तोड़ दिए और अंदर घुसकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने बाल्टियों और पाइपों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें लगातार तेज होती गईं। घर के फर्नीचर, घरेलू सामान, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती सामान देखते ही देखते जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड में पाया आग पर काबू सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक घर का अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। पीड़ित परिवार और गांव वालों के अनुसार, आग से करीब 15 से 20 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पूरे गांव के लोग पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और पंजाब सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि वे दोबारा अपना घर और जीवन व्यवस्थित कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *