मोहाली में ट्रैफिक पुलिस के ASI का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद ASI को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही ASI के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। यह कार्रवाई दो युवकों से रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने बाद हुई है। युवकों ने दावा किया था कि ASI ने चालान न काटने की एवज में पैसे मांगे थे। वीडियो में एक युवक ट्रैफिक बूथ के बाहर खड़े ASI से बातचीत करता नजर आ रहा है। बातचीत के दौरान युवक पहले 500 रुपये देने की बात करता है, लेकिन ASI उससे अधिक पैसे की मांग करता हुआ सुनाई देता है। इसके बाद युवक बाहर खड़े दूसरे व्यक्ति से पैसे लेकर आता है और ASI को पकड़ा देता है। वीडियो में युवक चालान न काटने और खींची गई फोटो डिलीट करने की बात भी करता सुनाई देता है। इस पर ASI युवक को आश्वासन देता है कि उसका चालान नहीं किया जाएगा। यह घटना मंगलवार शाम को जीरकपुर फ्लाईओवर के नीचे घटी, लेकिन इसका वीडियो अब वायरल किया गया। इस पर आरोपी ASI का कहना था कि उसने कोई पैसे नहीं लिए। वीडियो को गलत तरीके से पेश गया है। वीडियो में युवक और ASI की ये बातचीत हुई… युवक: सर जी, 500 हैं।
ASI: 500 में नहीं होगा। युवक: यह एक लड़के के पास मिले हैं।
ASI: नहीं, 500 नहीं। युवक: सीरियसली, यही मिले हैं।
ASI: जल्दी लेकर आ। युवक: सर जी, 500 ही मिले हैं। (इसके बाद ASI अंदर चला जाता है।) युवक: सर जी… सर जी… 500। (इस पर ASI की आवाज स्पष्ट नहीं आती) युवक: मैं लेकर आऊं? वह लड़के से ही मंगवाए हैं, बच्चा समझ लो। इसके बाद युवक पास खड़े दूसरे युवक को बुलाकर उससे 500 रुपये लेता है और ASI को देते हुए कहता है… युवक: अब तो चालान नहीं होगा न?
दूसरा युवक: देख ले, चालान तो नहीं कर देगा। युवक: सर जी, फोटो डिलीट कर देना।
ASI: हां, कर देंगे…कर देंगे। ASI ने आरोपों से किया इनकार था मामले में ASI सोहन सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि वीडियो बनाकर गलत तरीके से पेश किया गया है। उनके अनुसार, किसी तरह की रकम नहीं ली गई और न ही कोई अवैध लेन-देन हुआ। युवक खुद पैसे देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्होंने स्वीकार नहीं किए। उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के बाद युवक को बिना चालान के छोड़ दिया गया। SP ट्रैफिक ने कहा था- वीडियो देखने पर होगी जांच मामले में मोहाली के ट्रैफिक SP नवनीत सिंह महल ने कहा था कि अभी तक उन्होंने वीडियो देखा नहीं है। अगर वीडियो में ऐसी कोई बात सामने आती है तो मामला एसएसपी मोहाली के ध्यान में लाया जाएगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद ASI लाइन हाजिर, विभागीय जांच शुरू अब ASI के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जीरकपुर के डीएसपी ट्रैफिक करनैल सिंह ने बताया है कि ट्रैफिक कर्मी के पैसे लेने को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो को लेकर मोहाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। मामले में ASI सोहन सिंह को लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा- इसके अलावा वीडियो शेयर करने वाले व्यक्ति से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि उसका बयान दर्ज कर मामले की गहन जांच की जा सके और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा सके। ॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… अमृतसर में ASI की हत्या का VIDEO:गुरदासपुर से स्कूटी पर ड्यूटी आ रहे थे, हमलावरों ने चलती बाइक से गोलियां मारी पंजाब पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) जोगा सिंह की हत्या की जिम्मेदारी एक बार फिर आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) ने ली है। इस बार संगठन की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें ASI को गोली मारते हुए दिखाया गया है। पढ़ें पूरी खबर…