बांका के पंजवारा थाना क्षेत्र के चचरा गांव में आपसी विवाद के बाद एक दंपती ने जहर खा लिया। जिसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। वहीं अस्पताल ले जाने के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर देखते हुए उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। मृतका की पहचान चचरा गांव निवासी संतोष मंडल(21) की पत्नी कृति कुमारी(19) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने बताया कि एक साल पहले ही दोनों की शादी हुई थी। जहां मंगलवार की देर रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। जिसके बाद उसने जहर खा लिया वहीं पत्नी को जहर खाते देख संतोष ने भी उसे खा लिया। वहीं बताया कि उसकी बेटी को दहेज के लिए उसके दामाद और सास-ससुर प्रताड़ित करते थे। जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होती थी। घटना की सूचना मिलते ही बुधवार की सुबह पंजवारा थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने भी जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पति की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। जांच में जुटी पुलिस थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। आवेदन के अनुसार मामले में पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।