अंबाला में जगाधरी हाईवे पर चलती कार में लगी आग:धुआं निकलते देख ड्राइवर कूदा; आग का गोला बनी, लंबा जाम लगा

अंबाला-जगाधरी हाईवे पर रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। हादसा रात करीब 8 बजकर 30 मिनट पर हुआ। देखते ही देखते कार धूं-धूं कर जल उठी और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ। जानकारी अनुसार, अंबाला के रहने वाले कार ड्राइवर ने बताया कि वह रविवार रात अंबाला से जगाधरी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर एक निजी होटल के समीप पहुंचा, उसे कार के बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया। उसने तुरंत गाड़ी को किनारे खड़ा किया और नीचे उतर गया। उसके उतरते ही पूरी कार आग की चपेट में आ गई। चालक ने कहा कि अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो उसकी जान जा सकती थी। हाईवे पर लगा लंबा जाम कार में आग लगने से हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शी राजेश ने बताया कि चालक की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने हटवाई जली कार, जांच जारी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से जली हुई कार को सड़क किनारे करवाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *