अमेठी में बीजेपी जिलाध्यक्ष पर SIR के दौरान बीएलओ से अभद्रता का मामला सामने आया है। महिला के पति के मुताबिक, भाजपा समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। उन्हें अपमानित किया। उनका मोबाइल छीन लिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों में बहस होती दिख रही है। बीएलओ के पति ने एसडीएम से मामले की शिकायत की है। मामला संग्रामपुर थाना इलाके का है। एसडीएम आशीष सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर ट्वीट कर प्रदेश सरकार और प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अखिलेश ने लिखा – ये एक बेहद गंभीर मामला है कि अमेठी भाजपा जिलाध्यक्ष ने एक BLO से मारपीट की। उन्होंने महिला BLO पर जबरन PDA समाज का वोट कटवाने व भाजपा समर्थकों का वोट बढ़वाने का दबाव डाला। उनके मन मुताबिक काम न करने पर महिला BLO को अपमानित किया।
घटना की 2 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला विस्तार से… घटना बुधवार दोपहर संग्रामपुर विकास खंड के ठेंगहा गांव की है। यहां बीएलओ सुभद्रा मौर्य घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन का कार्य कर रही थीं। महिला के मुताबिक, बीजेपी के कुछ लोग मौके पर पहुंचे। विरोध करना शुरू कर दिया। उन्होंने कुछ लोगों के वोट काटने का दबाव बनाया। फिर अभद्रता करने लगे। पति राकेश कुमार मौर्य से मारपीट शुरू कर दी। कागज तक छीन लिए गए। वीडियो बनाने पर मोबाइल छीन लिया गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ महिला-पुरुषों के बीच कहासुनी होती दिख रही है।
बीएलओ बोलीं- पति का कॉलर पकड़ा, मारपीट की बीएलओ सुभद्रा मौर्य ने बताया- वह अपने पति के साथ मौके पर पहुंची थीं। इस दौरान उनके पति ने कहा- बूथ गांव में लगाने के बजाय स्कूल परिसर में लगाया जाना चाहिए। कोई भी बैठक स्कूल स्थित बूथ पर ही होनी चाहिए, गांव में क्यों आयोजित की जा रही है। यह बात किसी व्यक्ति ने जाकर संबंधित लोगों को बता दी। इसके बाद भाजपा की ओर से करीब 5 युवक मौके पर पहुंचे। उनके पति का कॉलर पकड़ लिया। बीच-बचाव के दौरान उनके मारपीट, धक्का-मुक्की हुई। भाजपा के जिलाध्यक्ष कुछ दूरी पर मौजूद थे। उन्हीं के इशारे पर युवक वहां पहुंचे थे। मेरा मोबाइल छीन लिया और हाथापाई की बीएलओ के पति राकेश मौर्य ने बताया- बीजेपी जिलाध्यक्ष अगर चाहते तो यह घटना रोकी जा सकती थी। आरोपी उसी गांव के निवासी हैं और पहले से परिचित भी हैं। युवकों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और उनके साथ हाथापाई की। मेरा मोबाइल छीने जाने के बाद वह युवक बीजेपी जिलाध्यक्ष के पास ही गया। मैं कांग्रेस का जिला सचिव रह चुका हूं। अन्य पदों पर भी कार्य कर चुका हूं। मैंने एसडीएम आशीष सिंह को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। बीजेपी जिलाध्यक्ष बोले- ये बदनाम करने की साजिश बीजेपी जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला का कहना है, कांग्रेस लगातार लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोंट रही है। इस तरह के मनगढ़ंत आरोप लगाकर हमें बदनाम किया जा रहा है। बेवजह मेरा नाम घसीटा जा रहा है। ऐसी घटना कोई मौके पर हुई ही नहीं है। बीएलओ अपने काम में लापरवाही बरत रही हैं। मैं मौके पर भी मौजूद नहीं था। वहीं अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरीलाल शर्मा ने भी मामले को लेकर ट्वीट किया। लिखा- अमेठी में एक महिला BLO के साथ हुई घटना केवल एक व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और संविधान पर सुनियोजित हमला है। वहीं विधायक राकेश प्रताप सिंह ने भाजपा जिलाध्यक्ष का बचाव किया। उन्होंने सोशल मीडियो पर पोस्ट कर लिखा- बिना सच्चाई जाने दुष्प्रचार और अफवाह फैलाने के जुर्म में समाजवादी पार्टी के नेताओ पर चुनाव आयोग को कार्रवाई करनी चाहिए। —————————— ये खबर भी पढ़ें… काशी में सुपारी किलर बनारसी यादव एनकाउंटर में ढेर:रियल एस्टेट कारोबारी की शूटरों से हत्या करवाई थी, हुलिया बदलने में माहिर था
वाराणसी में सुपारी लेकर रियल एस्टेट कारोबारी की शूटरों से हत्या करवाने वाला बनारसी यादव एनकाउंटर में मारा गया। मंगलवार देर रात इनपुट के आधार पर STF ने बनारसी यादव की घेराबंदी की। इंस्पेक्टर ने उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन बनारसी ने फायरिंग कर दी। पढ़ें पूरी खबर…