अधिवक्ता ने पराशर ऋषि पर टिप्पणी के लिए मांगी माफी:मंडी में देव समाज का विवाद सुलझा, देवता कमेटियों ने फैसला किया मंजूर

देव पराशर ऋषि के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का मामला करीब डेढ़ माह बाद सुलझ गया। मंडी में एक अधिवक्ता ने सार्वजनिक रूप से लिखित माफी मांगी, जिससे देव समाज में उपजा विवाद शांत हो गया। इस मामले से देवभूमि हिमाचल की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची थी। यह विवाद अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के समापन के दो-तीन दिन बाद शुरू हुआ था। मंडी के एक अधिवक्ता ने सोशल मीडिया पर देव पराशर ऋषि के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘नीचतम ऋषि’ कहा था। इसके बाद देव पराशर ऋषि मंदिर कमेटी और देव समाज ने अधिवक्ता के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। टिप्पणी को बताया था देवता का अपमान देव समाज ने इस टिप्पणी को सीधे तौर पर देवता का अपमान बताया था। इस मामले में अधिवक्ता के खिलाफ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। देव समाज लगातार बैठकों के माध्यम से अधिवक्ता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा था। शुक्रवार को मंडी में शिवाबधार और सनोर घाटी के देवी-देवताओं के कारदारों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संबंधित अधिवक्ता पहुंचे और लिखित माफीनामे के माध्यम से अपने कहे शब्दों के लिए खेद प्रकट करते हुए माफी मांगी। पराशर गोत्र से संबंध रखने वाले लोग थे आक्रोशित देव पराशर ऋषि मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बलवीर ठाकुर ने बताया कि अधिवक्ता की टिप्पणी से हिमाचल ही नहीं, पूरे देश में पराशर गोत्र से संबंध रखने वाले लोग भी आक्रोशित थे। उन्होंने कहा कि अब यह विवाद पूरी तरह से शांत हो गया है। बैठक में मौजूद सभी देवता कमेटियों ने भी अधिवक्ता को माफी देने के फैसले पर मुहर लगा दी है। ठाकुर ने आगे बताया कि माफीनामे और बैठक में हुए फैसले की कॉपी पुलिस को सौंपी जाएगी। इसके साथ ही अधिवक्ता के खिलाफ दर्ज मामला भी वापस ले लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *