अनियंत्रित कार चालक ने ऑटो और एनआईटी प्रोफेसर की गाड़ी को मारी टक्कर; बैग से नशीला पदार्थ बरामद

भास्कर न्यूज |जालंधर टूर एनक्लेव के नजदीक सर्विस रोड पर वीरवार शाम करीब 6:30 बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने दो वाहनों को टक्कर मार दी। नशे की हालत में एक कार चालक ने पहले एक ऑटो को जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद अपने घर की ओर मुड़ रहे एनआईटी कॉलेज के प्रोफेसर उमाशंकर की कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो और टक्कर मारने वाली कार दोनों ही सड़क पर पलट गए, जबकि प्रोफेसर की कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पीसीआर मुलाजिमों ने स्थानीय लोगों की मदद से मशक्कत कर पलटी हुई गाड़ियों को सीधा करवाया। जब अनियंत्रित कार में सवार करीब 28 वर्षीय नौजवान को बाहर निकाला गया, तो वह नशे की हालत में था। पुलिस द्वारा कार की तलाशी ली गई तो उसमे काफी मात्रा में नशीला पदार्थ भी बरामद हुआ है। मौके पर मौजूद प्रेम भल्ला ने बताया कि उनके मित्र उमाशंकर एनआईटी कॉलेज में प्रोफेसर हैं और वह शाम को अपनी गाड़ी घर की तरफ मोड़ रहे थे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने पहले ऑटो और फिर उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *