अबोहर नगर निगम आयुक्त के आदेशों पर आज शहर में संपत्ति कर बकायेदारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। निगम अधिकारियों ने हनुमानगढ़ रोड स्थित सोनी मार्केट की 25 दुकानों को सील करने का अभियान चलाया। यह कार्रवाई उन देनदारों के खिलाफ की गई जिन्होंने बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया था। लंबे समय से नहीं किया टैक्स का भुगतान एसडीएम के आदेशों पर निगम की अधीक्षक अंजू मिड्ढा और इंस्पेक्टर अशोक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानों को सील करने की प्रक्रिया शुरू की। जानकारी के अनुसार, सोनी मार्केट की इन दुकानों के कॉलोनाइजर और मालिकों ने निर्माण के बाद से संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया था। कार्रवाई की सूचना मिलने पर कॉलोनाइजर राजीव सोनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने निगम अधिकारियों से संपत्ति कर का भुगतान करने के लिए 24 घंटे का समय मांगा। निगम अधिकारियों ने उनकी बात मानते हुए सील की गई एक दुकान को खोल दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कल तक टैक्स जमा नहीं किया गया, तो सभी 25 दुकानें सील कर दी जाएंगी।
एसडीएम के आदेशों पर कार्रवाई करने पहुंची टीम अधीक्षक अंजू मिड्ढा ने बताया कि उनकी टीम एसडीएम के आदेशों पर यह कार्रवाई करने पहुंची थी। निगम अधिकारियों ने शनिवार को ही इन मार्केट के दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिए थे। इसके बावजूद आज सुबह तक जब बकाया जमा नहीं करवाया गया, तो उन्हें कार्रवाई करने पर मजबूर होना पड़ा।