अबोहर पहुंची राज्यपाल कटारिया की पैदल यात्रा:गुलाब चंद बोले- कुर्बानी नहीं नशे के खिलाफ सहयोग की जरुरत, लोगों को दिलाई शपथ

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया नशे के खिलाफ निकाली जा रही पैदल यात्रा के दौरान गुरुवार को अबोहर स्टेशन पहुंचे। यहां स्थानीय व जिला प्रशासन तथा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने राष्ट्रीय गान में शामिल होकर तिरंगे को नमन किया। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को जीवन में कभी भी नशा न करने और नशे के खिलाफ सरकार व प्रशासन का सहयोग करने की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने कहा कि हमारे देश के वीर जवानों ने भरी जवानी में इस देश को आजाद करवाने के लिए अपनी कुर्बानियां दी और अपने सिर कलम करवाए थे, लेकिन अब हमें शहीद होने की जरुरत नहीं बल्कि नशे के खिलाफ सरकार का सहयोग करने की जरुरत है ताकि नशे की दलदल में गिरने से युवाओं को बचाया जा सके। पंजाब को नशामुक्त बनाने का प्रयास कर रही सरकार : राज्यपाल अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि, पंजाब सरकार राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पंजाब पुलिस द्वारा अन्य राज्यों और पाकिस्तान से आने वाली भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए जा रहे हैं। अब तक हजारों नशा तस्करों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। उन्होंने आगे कहा कि पड़ोसी देश ड्रोन के माध्यम से नशीली दवाओं की आपूर्ति कर हमारी युवा पीढ़ी को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, सरकार इस साजिश को नाकाम करने के लिए ड्रोन-रोधी प्रणाली सहित कई सख्त कदम उठा रही है। राज्यपाल ने राज्य के सभी वर्गों से एकजुट होकर मादक पदार्थों के विरुद्ध लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि मादक पदार्थों से न केवल व्यक्ति को बल्कि पूरे समाज को भारी नुकसान होता है, इसलिए इस बुराई को जड़ से उखाड़ने के लिए संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं। नशे के खिलाफ सभी की भागीदारी जरुरी : कटारिया उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशा विरोधी अभियान चरणबद्ध तरीके से चला रही है, लेकिन इसे सफल बनाने के लिए शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, पंचायतों और आम जनता को एक साथ मिलकर इस जंग में भाग लेना होगा। राज्यपाल ने कहा कि नशीली दवाओं के खिलाफ यह जंग केवल सामूहिक प्रयास से ही जीती जा सकती है और पंजाब के सभी लोगों के सहयोग से यह मिशन जल्द ही सफल होगा। रेलवे स्टेशन से शुरू हुई राज्यपाल की यह पैदल यात्रा डीएवी कालेज अबोहर में पहुंचकर संपन्न हुई। इस मौके पर उनके साथ जिले के एसएसपी गुरमीत सिंह, विधायक अबोहर संदीप जाखड़, बल्लूआना भाजपा नेत्री वंदना सांगवाल, भाजपा जिला प्रधान सुखविंदर सिंह और मेयर विमल ठठई सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *