अबोहर में तीन पिल्लों को जिंदा जलाया:तारों से बांधा मुंह और शरीर, लगाई आग, डॉग लवर्स ने की कार्रवाई की मांग

अबोहर के न्यू सूरज नगरी इलाके में सोमवार देर रात एक पशु क्रूरता की अमानवीय घटना सामने आई है। गली नंबर-2, 11 चौक के पास एक खाली प्लॉट में तीन बेजुबान कुत्ते के बच्चों को तारों से बांधकर जिंदा जला दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सैकड़ों लोग एकत्र हो गए और रोष फैल गया। स्थानीय निवासी हार्दिक और विंकल ने बताया कि सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तो देखा कि तीनों पिल्लों को मुंह और शरीर पर तारों से बांधकर आग के हवाले किया गया था। घटना की सूचना पर 112 पुलिस टीम और डॉग लवर्स संगठन के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पशुपालन विभाग कराएगा पोस्टमार्टम मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी सुखमंदर सिंह ने बताया कि तीनों कुत्ते के बच्चों का पोस्टमार्टम वेटरिनरी विभाग द्वारा करवाया जाएगा। इससे उनकी मौत के सही कारण और घटना का समय स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। शहरवासियों ने इस नृशंस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने मांग की है कि दोषी को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की क्रूरता करने की हिम्मत न कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *