फाजिल्का में गुरूवार को दोपहर बाद मौसम बदलने के दौरान नई आबादी क्षेत्र में एक मकान पर आसमानी बिजली गिर गई। बता दे कि गली नंबर 21 स्थित इस मकान पर बिजली गिरने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका दहशत में आ गया। हादसे में मकान की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, दोपहर बाद हल्की बारिश शुरू होते ही नई आबादी गली नंबर 21 निवासी जसबीर सिंह के घर की छत पर अचानक आसमानी बिजली गिरी। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के घरों में मौजूद लोग डरकर गलियों में निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के साथ ही मकान की छत से ईंटें उखड़कर दूर जा गिरीं परिजनों से प्रशासन से की मुआवजे की मांग इस प्राकृतिक आपदा में जसबीर सिंह के मकान की छत को भारी नुकसान पहुंचा है। बिजली के प्रभाव से छत की ऊपरी सतह की ईंटें उखड़ गईं और उसमें दरारें आ गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि परिवार का कोई भी सदस्य इस हादसे में घायल नहीं हुआ। गनीमत रही कि छत पूरी तरह ढहकर नीचे नहीं गिरी, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।