अबोहर में युवक ने महिला को मारे चाकू:लिव-इन में रहने का दबाव बनाया, वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी, कर रहा ब्लैकमेल

अबोहर में एक महिला ने तलाकशुदा युवक पर आपत्तिजनक तस्वीरों और वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि जब उसने युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में रहने से इनकार किया, तो उसने चाकू से उसके गले पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला ने बताया कि उसकी शादी कुछ साल पहले बरनाला निवासी व्यक्ति से हुई थी। अपनी दादी की मृत्यु के बाद, वह और उसके पति के साथ अबोहर के चंडीगढ़ मोहल्ले में आकर रहने लगी। उसका पति ढोल बजाने का काम करता है और पिछले तीन हफ्तों से काम के सिलसिले में उत्तर प्रदेश गया हुआ है। सहेली के घर पर हुई युवक से जान पहचान महिला के अनुसार, मोहल्ले में ही रहने वाली उसकी एक सहेली के घर आरोपी संदीप कुमार का आना-जाना था। संदीप कुमार राजीव नगर गली नंबर तीन का निवासी है और तलाकशुदा है। सहेली के घर पर ही सोनिया और संदीप की कुछ समय पहले साधारण जान-पहचान हुई थी। संदीप ने कथित तौर पर बहला-फुसलाकर सोनिया की निजी जानकारी और कुछ तस्वीरें अपने पास जमा कर लीं। महिला ने आरोप लगाया कि, संदीप इन तस्वीरों के बल पर उसे लगातार परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था,और उसकी फोटो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दे रहा था।पीड़िता का कहना है कि पिछले 3-4 महीनों से उसका संदीप से कोई संपर्क नहीं था। व्हाट्सएप पर तस्वीर और वीडियो भेज दी धमकी महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 12 से 17 मार्च के बीच संदीप ने उसे व्हाट्सएप पर तस्वीर और वीडियो भेजकर धमकी दी कि वह उसके साथ लिव-इन रिलेशन में रहे, अन्यथा वह खुद को नुकसान पहुंचाकर उसे झूठे केस में फंसा देगा। उसने आरोप लगाया कि कल रात जब वह गली में स्थित किरयाना की दुकान से वापस आ रही थी तो संदीप ने उसे रास्ते में रोक लिया और जबरन उसे अपने साथ ले जाने लगा। जब उसने उसने संदीप कुमार के साथ जाने से मना किया तो युवक ने चाकू से उसके गले पर हमला कर दिया और गला दबाकर भी मारने का प्रयास किया। शोर मचाने पर हमलावर युवक हुआ फरार उसके द्वारा शोर मचाने पर हमलावर संदीप मौके से भाग गया, जिसके बाद उसके 14 साल के बेटे ने उसे अस्पताल दाखिल करवाया। महिला ने आरोप लगाया कि संदीप ने उसका व उसके बेटे का फोन भी हैक कर रखा है। पीड़िता ने थाना नंबर दो की पुलिस से उक्त व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवई करने की मांग की है। एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है। घायल महिला अस्पताल में भर्ती हुई है। उसके बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी। महिला ने आरोपी के पास जो उसकी वीडियो होने की बात कही है, उसकी भी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *