रोहतक में अपने 63वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे इनेलो सु्प्रीमो अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने एक लाख से अधिक बुजुर्गों की पेंशन यह कहकर काट दी कि उन्हें गलत पेंशन बनने की शिकायत मिली है। जबकि एक साल से पेंशन पोर्टल ही काम नहीं कर रहा। अभय चौटाला ने कहा कि सीएम नायब सैनी ने यह बात प्रेस कांफ्रेंस में मानी थी। उसके बाद कैथल में सीएम ने कहा कि किसी की पेंशन नहीं काटी। सीएम के पद पर बैठा व्यक्ति कितनी सफाई से झूठ बोल रहा है। वहीं, भाजपा के मंत्री चिल्ला रहे हैं कि 48 साल वाले को पेंशन नहीं देंगे, 4 पहिया वाले को पेंशन नहीं देंगे, ऐसा नहीं बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा वाले 100 प्याज भी खाएंगे, 100 जूत भी खाएंगे और सारे काम भी करेंगे।
भाजपा के मंत्रियों को नहीं पता अपनी औकात
अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा के जो मंत्री बड़बोले बोल कहते हैं, उनके बारे में पहले ही कहा था कि ये नाक रगड़ेंगे। इन बेचारों को आदत है, क्योंकि इनको अपनी औकात का पता नहीं है। बुजुर्गों की सम्मान पेंशन चौधरी देवीलाल ने शुरू की थी। अगर कोई उसकी तरफ ऊंगली करने का काम करेगा तो इनेलो का कार्यकर्ता उसकी ऊंगली काटने का काम करेगा। विधानसभा में पूछेंगे, किस आधार पर काटी पेंशन
अभय चौटाला ने कहा कि बुजुर्गों के सम्मान पर आंच नहीं आने देंगे। इसके लिए इनेलो का कार्यकर्ता मजबूती के साथ खड़ा है। साथ ही विधानसभा में पूछेंगे कि किस आधार पर एक लाख 5 हजार बुजुर्गों की पेंशन काट दी। सीएम ने कैसे कहा कि पेंशन इसलिए काट दी कि उनकी मृत्यु हो गई। सीएम के पास कौन से आंकड़े इस बात के हैं। सीएम को मांगनी चाहिए सार्वजनिक माफी
अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा वाले 100 प्याज भी खाएंगे, 100 जूत भी खाएंगे और सारे काम भी करेंगे। पेंशन काटने को लेकर सीएम को सार्वजनिक रूप से बुजुर्गों से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही भाजपा के जो मंत्री भड़कते हैं, अपनी औकात से बाहर होकर बोलते है, उन पर लगाम कसने का काम भी करें। उन्हें समझना चाहिए कि किसके बारे में क्या बोल रहे हैं।
63 किलो का काटा केक इनेलो प्रदेश सचिव मंजीत कन्हेली के फार्म हाउस पर आयोजित कार्यक्रम में अभय सिंह चौटाला ने 63 किलो का केक काटा और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन स्वीकार किया। साथ ही कहा कि लोगों का विश्वास इनेलो पार्टी में बढ़ता जा रहा है। आज हर वर्ग भाजपा से परेशान हैं और इनेलो की तरफ आस भरी नजरों से देख रहा है। ब्लड डोनेशन कैंप में युवाओं का दिखा उत्साह
इनेलो के प्रदेश सचिव मंजीत कन्हेली ने बताया कि अभय चौटाला के जन्मदिन के अवसर पर 1100 यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए युवाओं में जोश देखने को मिल रहा है। सुबह से युवा रक्त एकत्रित करने में लगे हुए है। रोहतक पीजीआई और जींद की एक टीम ब्लड डोनेशन कैंप में रक्त एकत्रित कर रही है। भाजपा राज में नेताओं को मिल रही धमकियां कार्यक्रम के दौरान अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारियों के साथ अब नेताओं को भी धमकी मिल रही है। व्यापारियों को लगातार धमकी भरे फोन आ रहे है, क्योंकि बदमाशों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। सरकार के संरक्षण के बिना अपराध नहीं पनप सकता। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार कांग्रेस ने भाजपा की सरकार बनवाई है। लेकिन अब जनता समझ चुकी है और भाजपा एवं कांग्रेस के बहकावे में नहीं आएगी। जनता ने तो भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाने में कसर नहीं छोड़ी, लेकिन कांग्रेस ने सरकार बनवा दी। आने वाले समय में इनेलो की सरकार बनेगी और हर वर्ग खुशहाल होगा।