बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के सिहुड़ी मोड़ के पास शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में दो बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दंपती सहित पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉ. दिवाकर सिंह ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों में गोरगम्मा गांव निवासी बैंक कर्मी प्रकाश राय और उनकी पत्नी शामिल हैं। इनके अलावा, आंगनबाड़ी सेविका सीमा कुमारी, सिहुड़ी गांव के विक्की पासवान और सोनू यादव भी इस हादसे में जख्मी हुए हैं। जानकारी के अनुसार, प्रकाश राय अपनी पत्नी के साथ बाइक से अमरपुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही सिहुड़ी गांव के युवकों की बाइक अनियंत्रित हो गई और उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।