अमृतसर के को-पायलट की एयर एंबुलेंस क्रैश में मौत:300 से अधिक घंटे उड़ान अनुभव, 2 साल पहले शादी हुई, 4 महीने का बच्चा

अमृतसर के सुल्तानविंड रोड स्थित गोबिंद नगर के को-पायलट सबराजदीप सिंह की झारखंड में एयर एंबुलेंस क्रैश में मौत हो गई। उनके पास 300 से अधिक घंटों का उड़ान अनुभव था। वह बीती रात रांची से दिल्ली एक मरीज को लेकर जा रहे थे, लेकिन टेकऑफ के करीब 20 मिनट बाद विमान का संपर्क टूट गया और चतरा में क्रैश हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई। सबराजदीप सिंह की शादी दो साल पहले हुई थी और उनका चार महीने का बेटा है। वह दो दिन पहले ही घर से ड्यूटी पर गए थे। परिवार के अनुसार, उनकी फूफा रणजीत सिंह से फोन पर आखिरी बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें काम पर बुलाया जा रहा है और अब जाना पड़ेगा। परिवार को सूचना मिली है कि उनका पार्थिव शरीर कल सुबह घर पहुंचेगा। समरिया के जंगलों में क्रैश हुई एयर एंबुलेंस रेडबर्ड कंपनी का बीचक्राफ्ट किंग एयर B90L एक एयर एंबुलेंस था। फ्लाइट ने सोमवार शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी, 7:34 पर एयरक्राफ्ट का कम्युनिकेशन टूट गया। थोड़ी देर बाद प्लेन झारखंड के चतरा जिले के समरिया के जंगलों में क्रैश हो गया। प्लेन में कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट), कैप्टन सबराजदीप सिंह (को-पायलट), संजय कुमार (मरीज), अर्चना देवी (परिजन), धूरू कुमार (परिजन), विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर), सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल स्टाफ) सवार थे। मरीज को इलाज के लिए दिल्ली लेकर जा रहा था विमान रांची के देवकमल हॉस्पिटल के CEO, अनंत सिन्हा ने PTI को बताया कि एयर एम्बुलेंस का इंतजाम एक मरीज ने किया था। उन्होंने कहा, “लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले मरीज संजय कुमार (41) को 16 फरवरी को 65 परसेंट जलने की हालत में हॉस्पिटल लाया गया था। हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। सिन्हा ने आगे कहा कि परिवार वालों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने का फैसला किया। मरीज को लगभग 4.30 बजे हॉस्पिटल से दिल्ली के लिए ले जाया गया। शाम को विमान हादसे में मरीज के साथ जा रहे सभी लोगों की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *