पूर्व क्रिकेटर, कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू मंगलवार को अमृतसर के मशहूर ज्ञानी टी स्टॉल पर अचानक पहुंच गए। उनके आने की खबर फैलते ही वहां मौजूद लोगों और प्रशंसकों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई उनके साथ तस्वीर खिंचवाने और उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखा। सिद्धू ने स्टॉल पर बैठकर चाय की चुस्कियां लीं और वहां की प्रसिद्ध कचौरी का भी स्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशंसकों से खुलकर बातचीत की और कई लोगों के साथ सेल्फी भी खिंचवाईं। उनके सादे और मिलनसार व्यवहार को लोगों ने खूब सराहा। मीडिया से बातचीत में सिद्धू ने बताया कि जब भी वह अमृतसर आते हैं और उन्हें थोड़ा समय मिलता है, तो वह इस जगह पर जरूर आते हैं। इस स्थान से भावानात्मक जुड़ाव नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि इस स्थान से उनका खास भावनात्मक जुड़ाव है और यहां की चाय का स्वाद उन्हें हमेशा आकर्षित करता है। उनकी मौजूदगी से पूरे इलाके में उत्साह का माहौल बन गया। ज्ञानी टी स्टॉल पर कुछ समय के लिए मेले जैसा दृश्य देखने को मिला। वहीं नवजोत सिंह सिद्धू बेशक राजनीति से दूरी बनाए हुए हैं लेकिन जब भी वो लोगों के बीच नजर आते हैं तो एक चर्चा छिड़ जाती है। नवजोत सिंह सिद्धू इस समय कपिल शर्मा शो और आईपीएल में कमेंट्री में दिखाई दे रहे हैं वहीं कुछ दिन पहले उन्होंने अपने घर अपनी बेटी ओर बेटे के नाम किए थे जिसकी भी बहुत चर्चा हुई थी।