अमृतसर के बटाला रोड इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ऑटो चालक का मृत शरीर मिला। मृतक की पहचान कमल किशोर सैनी के रूप में हुई है, जो अभिमन्यु कॉलोनी का निवासी था। कमल के भाई विजय कुमार सैनी ने बताया कि कमल पिछले रात से घर नहीं लौटा था। परिवार की बार-बार फोन करने के बावजूद उसने कोई जवाब नहीं दिया। सुबह एक राहगीर ने सूचना दी कि विजय नगर में कमल का ऑटो खड़ा है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि ऑटो के पिछले हिस्से में कमल की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। परिवार ने बताया कि कमल के सिर पर गहरी चोटों के निशान थे और आसपास खून से सनी ईंटें भी मिलीं। शक जताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने सिर पर ईंट मारकर उसकी हत्या की है। कमल विवाहित था और अपने पीछे परिवार छोड़ गया है। इलाके में बढ़ा डर, खाली प्लॉट में पहले भी मिले शव इस घटना ने इलाके में डर का माहौल बना दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह जगह एक खाली प्लॉट है, जहां पिछले एक साल में कम से कम चार मृतक लाशें मिली हैं। यहा अक्सर नशा करने वाले लोग इकट्ठा होते हैं और चोरी जैसी घटनाए भी बढ़ गई हैं। कई मजदूरों के मोबाइल भी चोरी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं और कहा कि इस इलाके में कानून का डर नजर नहीं आता। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।