अमृतसर में चलती थार गाड़ी में लगी आग:परिवार ने बाहर निकल कर बचाई जान, श्री दरबार साहिब जा रहे थे सभी

अमृतसर में श्री दरबार साहिब में माथा टेकने जा रहे एक परिवार की थार गाड़ी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मोगा जिले से एक परिवार अमृतसर में श्री दरबार साहिब में माथा टेकने के लिए आ रहा था। रास्ते में उनकी महिंद्रा थार गाड़ी में अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया। जब तक चालक कुछ समझ पाता, गाड़ी में भीषण आग लग गई। गाड़ी में आग लगते ही परिवार के सदस्यों ने तुरंत गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैल गई कि कुछ ही मिनटों में पूरी थार गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक गाड़ी लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। श्री दरबार साहिब जा रहा था परिवार गाड़ी के मालिक जसविंदर सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ श्री दरबार साहिब में माथा टेकने के लिए जा रहे थे। रास्ते में अचानक गाड़ी से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना बी डिवीजन के एसएचओ बलजिंदर सिंह औलख भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनकी महंगी थार गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *