अमृतसर के थाना इस्लामाबाद क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद उस समय हिंसक रूप ले बैठा, जब झगड़े के बाद एक एक्टिवा स्कूटर को आग के हवाले कर दिया गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आ चुका है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष पहले आपस में दोस्त थे, लेकिन किसी बात को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मारपीट तक पहुंच गई। झगड़े में दोनों पक्षों को चोटें आईं और उनका इलाज करवाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना खूह भल्ले इलाके की है और मामले की गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य युवक फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। बाल कटवाने गए युवक पर हमला, चार नाबालिगों पर आरोप वहीं पीड़ित परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनका भतीजा बाल कटवाने गया था, तभी अन्य युवक वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के बाद उसकी एक्टिवा को आग लगा दी गई। परिवार का दावा है कि कुल चार युवक थे, जिनकी उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच है। समझौते की कोशिश नाकाम, हथियारों संग घूमने का आरोप परिवार ने यह भी बताया कि मोहल्ले के लोगों ने समझौता करवाने की कोशिश की थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ युवक तेजधार हथियार लेकर इलाके में घूम रहे हैं और धमकियां दे रहे हैं। पुलिस ने पीड़ितों को इंसाफ का भरोसा दिलाया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।