अमृतसर के अजनाला में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला परमजीत कौर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव क्षेत्र के मोहन भंडारियां अड्डे के पास एक निर्माणाधीन मकान में मिला। बताया जा रहा है कि महिला के शरीर से सोने के गहने भी गायब थे, इसलिए लूट के लिए हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार द्वारा सड़क किनारे एक नया मकान बनाया जा रहा था, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। दोपहर के समय जब मजदूर खाना खाने बाहर गए, तब परमजीत कौर घर में अकेली थीं। लौटे तो वह कमरे में मृत पाई गईं। हाथ की चूड़ियां और कानों की बालियां गायब परिवार के अनुसार, मजदूरों ने बताया कि जब वे लौटे तो परमजीत कौर कमरे में मृत पड़ी थीं। उनको लगा कि वे बेहोश हैं। उन्होंने सोचा कि शायद वे किसी पत्थर से टकराकर गिर गईं और उन्हें उठाकर बाहर बेड पर लेटा दिया। उसके बाद उनके परिवार वाले आए तो उन्होंने बताया कि उनके हाथ में चूड़ियां और कानों में सोने की बालियां थीं। उनके कानों से खून बह रहा था और सोने की बालियां व चूड़ियां गायब थीं। इससे लूट के इरादे से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही अजनाला के डीएसपी गुरविंदर सिंह और थाना झंडेर के एसएचओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। डीएसपी गुरविंदर सिंह ने बताया कि बुजुर्ग महिला परमजीत कौर की मौत के मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।