अमृतसर की आशियाना कॉलोनी में एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। युवक घरों में पेंटिंग का काम करता था। जब वह एक घर में काम करने के बाद अपना बकाया लेने गया तो घर के लोगों ने उस पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर जांच करने पहुंची। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है और मृतक के परिजन के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मृतक की पहचान 30 वर्षीय गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी और 2 महीने पहले वह एक बेटी का पिता बना था। उसका परिवार अमृतसर के नंगली में रहता है। मृतक की मां का कहना है- हमें खून के बदले खून चाहिए। 1 लाख 20 हजार रुपए में लिया था पेंटिंग का ठेका मृतक के भाई करण सिंह ने बताया कि गुरजीत घरों में पेंटिंग का ठेका लेता था। कुछ समय पहले उसने 1 लाख 20 हजार रुपए में आशियाना कॉलोनी के घर को पेंट करने का ठेका लिया था। उसका काम लगभग पूरा हो चुका था, लेकिन घर के मालिक ने अब तक केवल 30 हजार रुपए ही दिए थे। भाई ने बताया कि गुरजीत कई बार अपने काम का पैसा मांग चुका था, लेकिन घर का मालिक आनाकानी कर रहा था। इसलिए, गुरजीत ने कुछ काम बीच में ही छोड़ दिया। इसके बाद घर का मालिक कहने लगा कि पहले काम पूरा करो, उसके बाद पूरे पैसे मिलेंगे। जबकि, गुरजीत अड़ा हुआ था कि पहले बकाया क्लियर करो। उसके बाद काम पूरा होगा। बकाया लेने साथियों के साथ गया था युवक करण का कहना है कि घर में काम अधूरा पड़े करीब 25 दिन बीत गए थे, लेकिन न ही गुरजीत ने काम शुरू करवाया और न ही मालिक ने पैसा दिया। इसकी बात करने आज दोपहर को गुरजीत घर के मालिक के पास गया था। उसके साथ उसके 2 अन्य साथी भी थे। मृतक के भाई के मुताबिक, गुरजीत और उसके साथियों के साथ रुपये को लेकर घर के मालिक से थोड़ी बहस हुई। इसी दौरान घर के लोगों ने जमा होकर उन सभी पर हमला कर दिया। थोड़ी झड़प के बाद गुरजीत के साथी वहां से भाग गए, लेकिन गुरजीत को उन्होंने पकड़ लिया और उसकी हत्या कर दी। रास्ते पर लहूलुहान पड़ा मिला गुरजीत, डॉक्टर ने मृत बताया करण सिंह ने बताया- गुरजीत के साथियों ने ही वारदात की सूचना हमें दी। हम मौके पर गए तो गुरजीत बीच रास्ते में लहूलुहान पड़ा था। उसे तुरंत अस्पताल लाए, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हम पुलिस से न्याय की मांग करते हैं। पुलिस अधिकारी बोले- आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रहे वहीं, इसे लेकर जांच करने पहुंचे अमृतसर के सदर थाने के SI मनतेज सिंह का कहना है कि यह हत्या आशियाना कॉलोनी में हुई है, जिसके संबंध में परिवार के बयान लिए जा रहे हैं। परिवार को समझाने का प्रयास क रहे हैं। वे पोस्टमॉर्टम से पहले आरोपियों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं, जबकि अभी आरोपियों की पहचान भी नहीं हुई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपियों की पहचान के लिए मौका-ए-वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। साथ ही आसपास के लोगों के भी बयान लिए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।