अमृतसर में 9 महीने के बच्चे की मां की मौत:मरने से पहले बहन को कॉल- जल्दी आ जाओ, मुझे बचा लो, जान से मार देंगे

अमृतसर में 9 महीने के बच्चे की मां की अचानक मौत हो गई। उसकी ढाई साल पहले ही शादी हुई थी। मौत से आधे घंटे पहले मृतका ने बहन को फोन किया था। जिसमें उसने कहा- ये मुझे मार रहे हैं, जल्दी आ जाओ, मुझे जान से मार देंगे। हालांकि जब तक मायके वाले वहां पहुंचे तो विवाहिता की मौत हो चुकी थी। परिवार ने ससुरालियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने उसके पति को गिरफ्तार करने की मांग की है। तब तक अंतिम संस्कार न करने का ऐलान कर दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर रहे हैं। मृतका का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, उससे मौत के कारणों के बारे में पता चलेगा। फिलहाल मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस, लाश मिली
पुलिस के मुताबिक अमृतसर के राजासांसी इलाके के गांव हरसा छीना में एक महिला कुलजीत कौर (28) की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला की लाश मिली। मौके का मुआयना करने के बाद लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया। ढाई साल पहले शादी हुई, पिता-चाचा बोले- परेशान कर रहे थे
पुलिस के मुताबिक महिला कुलजीत कौर की ढाई साल पहले लवप्रीत सिंह से अरेंज मैरिज हुई थी। जिसके बाद उनका 9 महीने का बेटा भी है। मृतका के पिता सुच्चा सिंह और चाचा जगरूप सिंह ने आरोप लगाया कि कुलजीत को लगातार परेशान किया जा रहा था। ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करते थे। पिता की जमीन से हिस्सा लाने का दबाव डाल रहे थे
पिता सुच्चा सिंह ने कहा कि पति लवप्रीत के अलावा उसकी मां और बहन भी बार-बार उस पर दबाव डाल रहे थे कि वह पिता की जमीन में से अपना हिस्सा मांगे। जब मायके वालों की आर्थिक हालत देखकर कुलजीत ने इनकार किया तो उसके साथ मारपीट करने लगे। जिससे वह काफी परेशान रहने लगी। उसे ससुराल वाले ताने मारते थे। मरने से पहले फोन किया तो मायके वाले दौड़े आए
पिता सुच्चा सिंह ने कहा कि शनिवार शाम जब हादसा हुआ, तो करीब आधे घंटे पहले कुलजीत ने अपनी बहन को फोन करके कहा कि मुझे मार रहे हैं, जल्दी आओ, मुझे जान से मार देंगे। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्हें कुलजीत का शव घर में पड़ा मिला। परिवार ने इंसाफ की मांग करते हुए कहा कि जब तक मुख्य आरोपी पति लवप्रीत सिंह को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
राजासांसी चौकी इंचार्ज कुलबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *