अमृतसर के अजनाला इलाके में रविवार सुबह गांव गग्गोमाहल के पास एक टिप्पर से मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई, जिसमें एसजीपीसी के कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान परमजीत सिंह के रूप में हुई है, जो शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) में मुलाजिम थे। मृतक के मामा ने बताया कि परमजीत ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वह गांव गग्गोमाहल के नजदीक पहुंचे, सामने से आ रहे टिप्पर से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हुई। हादसा इतना भयानक था कि वह सड़क पर गिर गए और टिप्पर उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मामा जसवीर ने बताया कि परमजीत सिंह की दो बेटिया हैं- सुखमन (2) और किरत (4)। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
प्रारंभिक जांच में टिप्पर चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।