अमेरिका में पंजाबी ड्राइवर ने 3 गाड़ियों को उड़ाया:ट्रक से रेड लाइट जंप की, एक व्यक्ति की मौत; अवैध तरीके से पहुंचा था विदेश

अमेरिका के इंडियाना में पुलिस ने पंजाबी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान सुखदीप सिंह के नाम से हुई है। उसने अपने सेमी-ट्रक से एक सफेद पिकअप ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप ड्राइवर 64 वर्षीय टेरी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुखदीप ने रेड लाइट जंप की, जिससे कुल तीन वाहन इस हादसे की चपेट में आ गए। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हेंड्रिक्स काउंटी में हुई, जो इंडियानापोलिस के पश्चिम में स्थित है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सुखदीप सिंह अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था। अमेरिकी पुलिस के मुताबिक, वह न केवल लापरवाही से वाहन चला रहा था, बल्कि उसकी इमिग्रेशन स्थिति भी अवैध पाई गई। फिलहाल वह इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) की हिरासत में है। हालांकि अभी यह पता नहीं चला है कि सुखदीप सिंह किस जिले का रहने वाला हैं। सुखदीप 2018 में अवैध तरीके से पहुंचा अमेरिका मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाबी ट्रक ड्राइवर सुखदीप सिंह 2018 में अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचा था, जहां उसे पुलिस ने पकड़ा लिया था। उस वक्त सुखदीप सिंह नाबालिग था। जिसकी वजह से ‘फ्लोर्स कंसेंट डिक्री’ के तहत छोड़ा गया था। यह नियम अनिवार्य करता है कि अवैध रूप से सीमा पार करने वाले बच्चों को हिरासत में रखने के बजाय उनके माता-पिता या वयस्क रिश्तेदारों को सौंप दिया जाए। वह पहले न्यूयॉर्क में रहता था और इस साल जनवरी से इंडियाना के न्यू पैलेस्टाइन में रह रहा था। सुखदीप को नॉन डॉमिशाइल कर्मशियल ड्राइविंग लाइसेंस 2025 में मिला था। ट्रक ड्राइवर सुखदीप सिंह को घटनास्थल से ही स्टेट पुलिस ने ICE (इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट) के लिए हिरासत में ले लिया। स्थानीय मीडिया रिपोट्स व पुलिस के अनुसार सुखदीप इंडियाना में अवैध रूप से रह रहा है। ओवरस्पीडिंग के तीन बार चालान हो चुके सुखदीप सिंह पर ओवरस्पीडिंग के तीन बार चालान हो चुके हैं। उसपर 55 मील प्रति घंटे की सीमा वाले क्षेत्र में 76 और 74 की रफ्तार से गाड़ी चलाने। 70 की सीमा में 89 की रफ्तार से गाड़ी चलाने का आरोप है। इसके अलावा इसी साल 8 जनवरी (2026) को एक कार दुर्घटना के बाद उसका चालान कटा था, क्योंकि उसके पास बीमा नहीं था। उसके पास वाहन का वैध रजिस्ट्रेशन भी नहीं था। ड्राइविंग रिकॉर्ड और CDL पर सवाल सुखदीप के इंडियाना ड्राइविंग की हिस्ट्री के मुताबिक 2022 से अब तक उसके नाम पर 5 चालान दर्ज हैं, जिससे यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि उसे इंडियाना में CDL (कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस) कैसे मिला। जानिए क्या है नॉन डोमिसाइलड CDL अमेरिका में गैर-निवासी वाणिज्यिक ड्राइविंग लाइसेंस (Non-Domiciled Commercial Driver’s License) उन लोगों को जारी किया जाता है, जो उस राज्य या देश के स्थायी निवासी नहीं हैं, लेकिन वहां कानूनी तौर पर काम करने के लिए अधिकृत हैं। आमतौर पर यह उन विदेशी नागरिकों को दिया जाता है। जिनके पास वर्क परमिट (EAD) होता है। अवैध तरीके से रहता, फिर भी बना गया CDL सुखदीप सिंह के मामले में विवाद यह है कि यदि वह अवैध रूप से वहां रह रहा था, तो उसे यह लाइसेंस कैसे जारी किया गया? अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या उसने गलत दस्तावेजों का इस्तेमाल किया या सिस्टम की किसी खामी का फायदा उठाया। 15 दिन में दूसरा सड़क हादसा डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) के अनुसार, 15 दिन के अंतराल में यह दूसरी घटना है। इसमें किसी अवैध प्रवासी ट्रक ड्राइवर की वजह से निर्दोष लोगों की जान गई है। डीएचएस का कहना है कि यह बेहद खतरनाक है कि अवैध प्रवासी, जिन्हें अक्सर हमारे ट्रैफिक नियमों या अंग्रेजी की जानकारी नहीं होती, वे अमेरिका की सड़कों पर सेमी-ट्रक चला रहे हैं। ***************** ये खबर भी पढ़ें: अमेरिका में पंजाबी ड्राइवर की लापरवाही, VIDEO: ट्रक से टकराई वैन, महिला समेत 3 की मौत, गलत यू-टर्न लेने से हादसा पंजाब के एक ट्रक ड्राइवर की अमेरिका के फ्लोरिडा टर्न पाइक में ड्राइविंग दौरान बड़ी लापरवाही का वीडियो सामने आया है। फ्लोरिडा की सड़क पर गलत यू-टर्न लेने कारण एक बड़ा एक्सीडेंट हो गया। सामने से आ रही मिनी वैन ट्रक से टकरा गई। वैन में सवार 3 लोगों की मौत हो गई। ट्रक में सवार ड्राइवर और उसके साथी को किसी तरह की चोट नहीं आई। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *