सोमवार को वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 अरवल में स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक शुरू हुई। जिले भर में कुल 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित है। प्रथम पाली में कुल 9032 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 8766 उपस्थित रहे, जबकि 266 अनुपस्थित पाए गए। वहीं, द्वितीय पाली में 6404 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 6241 उपस्थित थे और 163 अनुपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने बताया कि मैट्रिक परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारी और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 25 फरवरी तक चलने वाली इस परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान जिला प्रशासन द्वारा रखा जा रहा है। इसमें यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा भी शामिल है, जिसके लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।