अलीगढ़ में होली पर पथराव में दरोगा का सिर फटा:मडराक के गांव पड़ियावली में पड़ोसी ने छत से चलाईं गोलियां, दो को लगे छर्रे

अलीगढ़ के मडराक थाना क्षेत्र के गांव पड़ियावली में होली पर बुधवार दोपहर को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पड़ोसियों में हुए विवाद के बाद एक पड़ोसी ने घर की छत पर चढ़कर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें दो लोग छर्रे लगने से घायल हो गए। यही नहीं, जब पुलिस आरोपी को पकड़ने पहुंची तो भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें मडराक थाने के एसएसआई का सिर फट गया। ​छत से की फायरिंग, राहगीर को भी लगी गोली गांव पड़ियावली में दोपहर करीब 3:00 बजे मनीष वार्ष्णेय और उनके पड़ोसी कैलाश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि कैलाश आपा खो बैठा और दौड़कर अपने घर की छत पर चढ़ गया। उसने वहां से फायरिंग शुरू कर दी। गोली के छर्रे मनीष के सीने में जा लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर जसवंत की बाजू में भी छर्रे लगे। फायरिंग से गांव में भगदड़ मच गई। ​बचाने आई पुलिस पर पथराव, दरोगा लहूलुहान वारदात के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी कैलाश के घर को घेर लिया। भीड़ का गुस्सा देख आरोपी ने खुद को घर के अंदर कैद कर लिया। गुस्साए लोगों ने उसके घर पर पथराव शुरू कर दिए। सूचना पर थाना मडराक पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की तो ग्रामीणों पुलिसकर्मियों पर भी पथराव कर दिया। इसमें थाने में तैनात एसएसआई धर्मपाल सिंह सिर में पत्थर लगने से घायल हो गए। ​छावनी बना गांव, एसएसपी ने संभाला मोर्चा हालात बिगड़ते देख एसएसपी नीरज जादौन, एसपी देहात और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा और आरोपी कैलाश को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। घायलों को तत्काल आगरा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने पथराव करने पर कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है। पथराव करने वालों पर होगी कार्रवाई एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि दो पड़ोसियों के निजी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को पकड़ लिया गया है। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है। उन्होंने बताया कि पुलिस पथराव करने वालों की पहचान कर रही है। इन लोगों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *