अवैध अतिक्रमण हटाने गई एस्टेट विभाग की टीम से उलझा कब्जाधारी

भास्कर न्यूज|अमृतसर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरिगल के निर्देश पर एस्टेट विभाग ने सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज तो कर दिया है। लेकिन कई बार कब्जाधारी अफसरों-मुलाजिमों से उलझने में बाज नहीं आते। बुधवार को ऐसा ही नजारा माल रोड में देखने को मिला। एस्टेट विभाग की टीम फुटपाथ से अवैध कब्जा हटवा रही थी। इस बीच कपड़े की दुकान पर कार्रवाई शुरू की तो कब्जाधारी टीम को ही हड़काने व बहसबाजी करने लगा। वहीं, एस्टेट विभाग की महिला इंस्पेक्टर जब पहुंची तो समझाने की कोशिश की। पहले तो कब्जाधारी सुनने को तैयार नहीं था। लेकिन बाद में ट्रक के सामने से स्कूटी हटवाई। महिला मुलाजिम ने जब क्लास लगानी शुरू की तो कब्जाधारी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा और अपनी गलती भी मानी। हालांकि, महिला कर्मी ने उसे बोला कि हाथ जोड़ने की जरूरत नहीं है। टीम को अपनी कार्रवाई करने दें। दरअसल, माल रोड में 4 सालों से लगातार डेली कपड़े की दुकानें लगाकर अवैध कब्जा किया हुआ था। डेली की तरह कपड़े की दुकान लगाने से जाम के हालात बने तो शिकायत निगम अफसरों तक पहुंची। जिसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे टीम मौके पर पहुंची। शहर के कई इलाकों से अवैध अतिक्रमण हटवाकर 3:30 बजे वापस लौटी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *