असम में इंडियन एयरफोर्स के फाइटर प्लेन सुखोई क्रैश हादसे में गुरुग्राम के स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ शहीद हो गए। अनुज सेक्टर 22 B की एक कॉलोनी में रहते थे। हालांकि अभी यहां उनके माता -पिता और दादा- दादी रहते हैं। पिता आनंद कुमार शहीद बेटे का पार्थिव शरीर लेने के लिए असम गए हुए हैं। घर के बाहर मौजूद उसके कुछ रिश्तेदारों ने बताया कि अभी उसके दादा-दादी को अनुज की मौत के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। परिवार के लोगों ने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया है। घर के बाहर खड़े एक रिश्तेदार ने बताया कि अनुज की शादी तय हो गई थी। उनकी मंगेतर भी पायलट है। दोनों परिवार के लोग शादी की तैयारियों में लगे हुए थे। पायलट से हुआ था रिश्ता
रिश्तेदार चंद्रप्रकाश (रिटायर्ड इंस्पेक्टर) ने बताया कि एयरफोर्स के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिवार को फोन पर अनुज की शहादत की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग असम के लिए रवाना हो गए। अनुज की मंगेतर भी पायलट है। इस रिश्ते से दोनों फैमिली भी काफी खुश थी। हालांकि अभी यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि उनकी मंगेतर एयरफोर्स में ही पायलट है या किसी एयरलाइन में। पिता सेना में सूबेदार रहे
रिश्तेदार चंद्रप्रकाश ने बताया कि अनुज के पिता भारतीय सेना में सूबेदा रहे हैं। उन्हें देखकर ही अनुज ने भी डिफेंस फोर्सेज में जाने का निर्णय लिया। करीब 10 साल पहले उन्होंने एयरफोर्स जॉइन की थी। अनुज के बड़े भाई पत्नी और बच्चों के साथ यूके में रहते हैं। वहां किसी सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत है। दो पॉइंट में जानिए कैसे हुआ हादसा… 1. जोराहट से भरी थी आखिरी उड़ान: भारतीय वायुसेना के मुताबिक, SU-30 MKI लड़ाकू विमान ने असम के जोराहट एयरबेस से रेगुलर प्रैक्टिस के लिए उड़ान भरी थी। इसमें स्क्वॉड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरगकर सवार थे। उड़ान के कुछ समय बाद ही शाम करीब 7 बजकर 42 मिनट पर विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया और विमान रडार से गायब हो गया। 2. सर्च ऑपरेशन में मिला मलबा: विमान के लापता होने के तुरंत बाद वायुसेना ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाश के दौरान पता चला कि विमान जोराहट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग के घने जंगलों में क्रैश हो गया है। वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी साझा कर दोनों अधिकारियों स्क्वॉड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरगकर के शहीद होने की पुष्टि की। ———— यह खबर भी पढ़े… असम में वायुसेना का सुखोई फाइटर जेट क्रैश:दोनों पायलट की मौत, जोरहाट से 60 किमी दूर हादसा; सेना पायलटों-विमान की तलाश में जुटी असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में ट्रेनिंग के दौरान रडार से गायब हुआ भारतीय वायु सेना का सुखोई Su‑30MKI फाइटर जेट क्रैश हो गया है। हादसे में दोनों पायलट स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर की भी मौत हो गई है। वायु सेना ने गुरुवार देर रात 1 बजकर 9 मिनट पर क्रैश की पुष्टि की थी। (पूरी खबर पढ़ें)