अस्पताल स्टॉफ ने शव देने के लिए मांगे 2 लाख:तरनतारन में कार की टक्कर से हुई मौत, साथी घायल, फिल्म देखकर लौट रहे

अमृतसर से लौट रहे दो बाइक सवार युवकों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे कैरों फाटक के पास हुई। मृतक युवक के परिजनों का आरोप है कि शव देने के लिए अस्पताल स्टॉफ द्वारा दो लाख रुपए की मांग की जा रही है। मृतक कंवल मट्टू तरनतारन में एक सैलून में काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था, जबकि परम सिंह पार्सल डिलीवरी मैन हैं। मृतक कंवल मट्टू के परिवार ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद उन्हें अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल ने इलाज के लिए करीब 2.50 लाख रुपए जमा करने को कहा था, जो परिवार ने जमा कर दिए थे। हालांकि, कंवल की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि अब अस्पताल शव देने के लिए लगभग 2 लाख रुपए और मांग रहा है। अमृतसर से फिल्म देखकर लौट रहे थे चार दोस्त मृतक युवक कंवल मट्टू के दोस्त भूपिंदर सिंह पट्टी ने बताया कि वे चार दोस्त दो बाइक पर अमृतसर से फिल्म देखकर लौट रहे थे। कैरों फाटक के पास पट्टी की तरफ से गलत साइड से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने पहले उनकी और उसके दोस्त हैप्पी की बाइक को टक्कर मारने से बाल-बाल बचाया। इसके बाद उसी कार ने पीछे आ रही बाइक पर सवार उसके दोस्त 25 वर्षीय कंवल मट्टू पुत्र सुखबीर सिंह और 26 वर्षीय परम सिंह को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कंवल मट्टू के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत अमृतसर के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटों की गंभीरता के कारण उसकी मृत्यु हो गई। परम सिंह की पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। उसे पहले पहुंविंड में इलाज मिला और अब ऑपरेशन के लिए अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *