आगरा में श्रद्धालुओं की बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त:5 लोगों की मौत, 4 लोग घायल, कैलादेवी के दर्शन कर लौट रहे थे

आगरा में नवरात्र के पहले दिन कैला देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा देर रात थाना चित्राहाट क्षेत्र में हुआ। तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से जा टकराई। मौके पर चीखपुकार मच गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। चार लोग घायल हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। इटावा निवासी एक ही परिवार के आठ लोग बुधवार को बोलेरो कार से कैला देवी के दर्शन करने के लिए राजस्थान गए थे। वापस लौटते समय गुरुवार रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार बोलेरो कार चित्राहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत पई गांव के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। तेज धमाके की आवाज व घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास रहने वाले ग्रामीण दौड़ पड़े। पुलिस को सूचना देने के साथ ही कार के शीशे तोड़कर ग्रामीणों ने अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को स्थानीय सीएचसी पर भेजा। यहां डाक्टर ने 35 वर्षीय देवेंद्र, उनकी तीन वर्षीय बेटी आराध्या, 30 वर्षीय पत्नी सीमा देवी, 70 वर्षीय पिता कांता प्रसाद व गाड़ी चला रहे 20 वर्षीय ऋषि को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में देवेंद्र का बेटा आदित्य, ऋषभ उनकी पत्नी रश्मि, अवनीश घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कालेज स्थित हास्पिटल के लिए रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार के दरवाजे फंस गए। शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। इंस्पेक्टर चित्राहट सीमा ने बताया कि प्रथमदृष्टया चालक को झपकी के कारण हादसा हुआ है चीख पुकार मची सूचना पर मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। शवों को देखकर चीख पुकार मच गई। रो-रो कर सबका बुरा हाल था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाह सीएचसी पर भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *