मोतिहारी के मधुबन थाना पुलिस ने ‘आजाद हिंद फौज’ के कथित संस्थापक नीतेश सिंह उर्फ महाराज को कांड संख्या 31/14 के तहत रिमांड पर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पकड़ीदयाल अनुमंडल के अंतर्गत की। नीतेश सिंह पर कुल 39 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे शिवहर जेल से मोतिहारी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से मधुबन पुलिस को रिमांड की अनुमति मिली। पुलिस के अनुसार, यह मामला 9 मार्च 2014 से संबंधित है, जिसमें आर्म्स एक्ट, 27 सीएलए और अपराध की पूर्व योजना के तहत कार्रवाई की जा रही है। नीतेश सिंह महाराज शिवहर जिले के तरियानी छपरा का निवासी है। उस पर मोतिहारी, शिवहर, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर जिलों में हत्या, रंगदारी और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) सहित कुल 39 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पूर्वी चंपारण जिले के विभिन्न थानों में 19 मामले और अकेले मधुबन थाना में 7 मामले शामिल हैं। हाल ही में नीतेश सिंह को शिवहर के तरियानी छपरा थाना कांड संख्या 4/26 (रंगदारी) के मामले में गिरफ्तार किया गया था। अब पुलिस उसके पुराने मामलों में भी शिकंजा कस रही है। मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने शुक्रवार दोपहर 5 बजे इस संबंध में जानकारी दी।