हरियाणा के हिसार के सतलोक आश्रम प्रकरण में उम्रकैद की सजा काट रहा रामपाल आज जेल से बाहर आ सकता है। हत्या के 2 मामलों में कोर्ट के आदेश के बाद 5-5 लाख रुपए के बेल बॉन्ड जमा करा दिए गए हैं। इसके बाद उसकी रिहाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, देशद्रोह से जुड़े एक मामले में जमानत मिलने के बाद रामपाल की जेल से रिहाई का रास्ता साफ हुआ। कोर्ट में सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और संबंधित दस्तावेज जेल प्रशासन तक पहुंच चुके हैं। बता दें कि सतलोक आश्रम मामले में लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने रामपाल को दोषी ठहराया था। इस केस में करीब 425 गवाह बनाए गए थे, जिनमें से 58 की गवाही अहम रही। कोर्ट ने सुनवाई के बाद हत्या सहित अन्य धाराओं में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। क्या है पूरा मामला
2014 में हिसार के बरवाला स्थित सतलोक आश्रम में पुलिस और रामपाल समर्थकों के बीच टकराव हुआ था। इस दौरान महिलाओं और बच्चों समेत 6 लोगों की मौत हो गई थी। इसी मामले में रामपाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब देशद्रोह के मामले में जमानत मिलने और बेल बॉन्ड जमा होने के बाद उसकी रिहाई संभव हो गई है। हालांकि, प्रशासन उसकी रिहाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्क नजर आ रहा है। जेल में कैदी नंबर 1005 की पहचान
जेल में रामपाल की पहचान कैदी नंबर 1005 के रूप में है। वह जेल में एक स्पेशल बैरक में रहता है। अधिकतर समय लाइब्रेरी में आध्यात्मिक किताबें पढ़कर गुजारता है। खास बात है कि वह जेल में अन्य कैदियों की मदद करता है। जो कैदी उससे मदद की गुहार लगाता है, वह अपनी लीगल टीम से उनकी कानूनी मदद करता है। अब तक वह हत्या के 4 से 5 मामलों में बंद कैदियों की मदद कर कर चुका है। उसके अनुयायी उसकी रिहाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे है। हालांकि अब जमानत की खबर अनुनायियों की लगी तो एक दिन पहले ही बड़ी संख्या में जेल के बाहर जुटना शुरू हो गए थे।