लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के सीनियर नेता राहुल गांधी आज बिहार दौरे पर हैं। सुबह 10 बजे वे गयाजी एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां से वे पहले माउंटेन मैन दशरथ मांझी के गांव गहलौर जाएंगे। इसके बाद वे राजगीर के कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे, जहां वे अतिपिछड़ा समाज के लोगों से बातचीत करेंगे। इसके बाद वापस गयाजी आएंगे और महिला संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। राहुल गांधी का पिछले 5 महीने में ये पांचवां बिहार दौरा है। इससे पहले वे आखिरी बार पिछले महीने दरभंगा आए थे, जहां वो प्रशासन की परमिशन के बिना एक छात्रावास में पहुंचे थे। राहुल ने यहां 12 मिनट तक छात्रों को मंच से संबोधित किया था। इसके बाद पटना में 400 सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ फुले मूवी देखी थी। महिलाओं से संवाद के बाद दिल्ली रवाना होंगे राहुल गयाजी कांग्रेस के अध्यक्ष संतोष कुशवाहा ने बताया- ‘गयाजी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से दशरथ मांझी के गांव गहलौर जाएंगे। गहलौर में दशरथ मांझी के बेटे भगीरथ मांझी से मुलाकात करेंगे।’ ‘मुलाकात के बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से राजगीर चले जाएंगे। वापस शाम 4 बजे गयाजी के एक होटल में महिला संवाद कार्यक्रम से शामिल होंगे और महिलाओं से बातचीत भी करेंगे। इसके बाद शाम को ही दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।’ दशरथ मांझी के गांव से राजगीर के लिए होंगे रवाना कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शशिभूषण पंडित और पूर्व विधायक रवि ज्योति ने बताया- ‘दशरथ मांझी के बेटे से मुलाकात के बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से राजगीर पहुंचेंगे। यहां वे सबसे पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।’ ‘इसके बाद राहुल गांधी जरासंध स्मारक का दौरा करेंगे और अंत में इंटरनेशनल कन्वेंशन हॉल में आयोजित सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचेंगे, जहां वे मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे। इसके बाद वे वापस गयाजी के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां महिलाओं से संवाद करेंगे।’ महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान कर सकते हैं राहुल गयाजी में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन महिला सशक्तीकरण को केंद्र में रखते हुए किया जा रहा है। कार्यक्रम में राहुल गांधी अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। यह कार्यक्रम गया-पटना मुख्य मार्ग पर पहाश्वर के पास स्थित एक रिसॉर्ट में प्रस्तावित है। जहां बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने का दावा किया गया है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि राहुल गांधी इस अवसर पर महिलाओं के लिए कुछ नई योजनाओं या नीतियों की घोषणा भी कर सकते हैं। इनमें छात्रवृतियां, कौशल विकास कार्यक्रम, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली योजनाएं शामिल हो सकती हैं। महिलाओं से इन मुद्दों पर राहुल गांधी कर सकते हैं संवाद कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी विभिन्न तबकों से आई महिलाओं से सीधी बातचीत करेंगे। राहुल महिला सुरक्षा और न्याय व्यवस्था, ग्रामीण महिलाओं की शिक्षा और रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप में महिला भागीदारी पर बात कर सकते हैं। इसके साथ स्वास्थ्य सेवाओं तक महिलाओं की पहुंच, राजनीति में महिलाओं की हिस्सेदारी समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। ——————– राहुल गांधी से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… बिना परमिशन छात्रावास जाने पर राहुल गांधी पर FIR:बिहार में 7 घंटे रहे, कहा- प्राइवेट सेक्टर में रिजर्वेशन न मिलने तक लड़ेंगे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को बिहार में 7 घंटे रहे। दरभंगा में प्रशासन की परमिशन के बिना छात्रावास पहुंचे और 12 मिनट छात्रों को मंच से संबोधित किया। बिना परमिशन छात्रावास जाने के लेकर दरभंगा में राहुल गांधी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक कुमार की ओर से दर्ज कराई गई है। दरभंगा से पटना आने के बाद उन्होंने 400 सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ फुले मूवी देखी। मूवी देखने के बाद कहा, ‘अच्छी थी, सभी को देखना चाहिए’। पूरी खबर पढ़िए