आनी में खुलेगा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल:इंडोर स्टेडियम- रेसिंग ट्रैक और स्विमिंग पूल की सुविधा, सीबीएसई कक्षाएं भी होंगी शुरू

हिमाचल प्रदेश में कुल्लू के आनी उपमंडल में जल्द ही राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोला जाएगा। आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार की मांग पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बागासराहन में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में मंच से आनी में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की घोषणा कर दी है। जिस पर आनी क्षेत्र में खुशी की लहर है। विधायक लोकेंद्र कुमार और क्षेत्र की जनता ने वीरवार को आनी में इस घोषणा पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि यह घोषणा केवल कोरी घोषणा नहीं रहेगी, बल्कि जल्द धरातल पर भी उतरेगी। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री सुक्खू ने आनी उपमंडल के ही एक बड़े स्कूल में अगले सत्र में सीबीएसई बोर्ड की कक्षाओं को शुरू करने की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आनी में डे-बोर्डिंग स्कूल और सीबीएसई बोर्ड की कक्षाओं को शुरू करने का उनका मकसद गांव में रहने वाले उस गरीब तबके के हर एक बच्चे तक बेहतर शिक्षा पहुंचाना है, जिसके अभिभावकों के पास संसाधनों का अभाव है। नए डे बोर्डिंग स्कूल की स्थापना से क्षेत्र के बच्चों को अपने घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। इस घोषणा पर विधायक लोकेंद्र कुमार सहित स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की है।
आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार लाने के लिए अनेक महत्त्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार द्वारा चरणबद्ध तरीके से हर एक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों का निर्माण किया जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल राजीव गांधी डे- बोर्डिंग स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं जैसे हाईटेक स्मार्ट क्लासरूम, खेल मैदान, इंडोर स्टेडियम, रेसिंग ट्रैक और स्विमिंग पूल से सुसज्जित किया जाएगा। स्कूल 50 बीघा के क्षेत्र में फैला होगा। यहां पर स्कूली बच्चों को रहने के लिए हॉस्टल की सुविधा भी होगी। इसके अलावा जो बच्चे रोजाना स्कूल से घर आना जाना चाहते हैं, उन्हें भी स्कूल में प्रवेश दिया जाएगा। राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल अपने आप में अनोखे स्कूल के तौर पर स्थापित होगा। स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाने का दृढ़ संकल्प प्रदेश सरकार ने लिया है। लोगों में है खुशी की लहर आनी में राजीव गांधी डे- बोर्डिंग स्कूल खोलने और एक स्कूल में सीबीएसई बोर्ड की कक्षाओं को शुरू करने की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की घोषणा से आनी क्षेत्र में खुशी की लहर है। सचेत संस्था, हिम संस्कृति संस्था, व्यापार मंडल, विभिन्न महिला मंडलों, युवक मंडलों, पंचायत समिति के सदस्यों सहित सैकड़ों लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि जल्द ही आनी में डे- बोर्डिंग स्कूल खोलने की कवायद शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *