आरा में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कृष्णागढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मंगलवार को झोकीपुर गांव के समीप छापेमारी कर एक बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सरैया गांव निवासी रितिक कुमार गोस्वामी के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन समय रहते पुलिस की कार्रवाई से वारदात टल गई। गुप्त सूचना पर पुलिस ने मारी रेड, किया गिरफ्तार बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बदमाश अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है और किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही कृष्णागढ़ थानाध्यक्ष रोशन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद झोकीपुर गांव के आसपास सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को संदिग्ध अवस्था में पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी का रहा है अपराधिक इतिहास थानाध्यक्ष रौशन ने बताया कि, ‘गिरफ्तार आरोपी का अपराधिक इतिहास भी है। पहले वह शराब से जुड़े मामलों में चार्जशीटेड रह चुका है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि अवैध हथियार उसे कहां से मिला, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और उसका अगला मंसूबा क्या था? पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या नहीं।’ लूटकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार इसके अलावा भोजपुर जिले के चांदी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लूटकांड के दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी भदवर गांव निवासी चंदन कुमार और मनीष कुमार हैं। थानाध्यक्ष राकेश कुमार रौशन ने बताया कि, ‘दोनों के खिलाफ चांदी थाना में कांड दर्ज है। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। मंगलवार को सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।’ पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी ट्रक चालक से रुपये और लाकेट छीनने की घटना में शामिल थे। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से एक बाइक बरामद की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि ‘गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में भी कोईलवर थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों में जेल जा चुके हैं।’