जालंधर। डॉ. बी.आर. अंबेडकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) जालंधर ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंस्टीट्यूट को टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में #1001-1200 श्रेणी में स्थान मिला है। यह रैंकिंग NIT जालंधर की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मज़बूत बनाती है तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उसकी प्रगति को दर्शाती है। 1987 में स्थापित NIT जालंधर ने हमेशा शिक्षा और रिसर्च में उत्कृष्टता बनाए रखी है। संस्थान इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नवाचार, शोध और उद्योगिक सहयोग पर विशेष ध्यान देता है। इस वैश्विक रैंकिंग के साथ अब NIT जालंधर का नाम विश्व की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटियों में शामिल हो गया है। राष्ट्रीय स्तर पर भी NIT जालंधर ने उल्लेखनीय प्रगति की है। NIRF रैंकिंग 2025 (इंजीनियरिंग कैटेगरी) में संस्थान ने 55वां स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि NIT जालंधर शिक्षा, शोध और उद्योग से जुड़ाव में लगातार सुधार कर रहा है। जालंधर व हमारे संस्थान के लिए गर्व की बात संस्थान के निदेशक प्रो.विनोद कुमार कनोजिया ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि “यह सफलता शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।” वहीं रजिस्ट्रार प्रो. अजय बंसल ने कहा कि “हमें NIT जालंधर की राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रगति पर गर्व है। जालंधर व हमारे संस्थान के लिए गर्व की बात यह रैंकिंग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और शोध के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।” भविष्य के लिए संस्थान ने अपने शैक्षणिक कार्यक्रमों और शोध क्षमता को और मज़बूत करने तथा विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने के नए प्रयास शुरू करने की घोषणा की है।