इंटर छात्रा की मौत-पुलिस ने 7वीं मंजिल से फेंकी बॉडी!:छात्रा कूदी या गिराई गई सीन री-क्रिएट किया गया, भाई बोला- बहन की हत्या हुई

पटना में 12 फरवरी को कोचिंग के छत से गिरकर एक छात्रा की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस की जांच जारी है। इसी सिलसिले में पुलिस की टीम मंगलवार (17 फरवरी) को कोचिंग के छत पर पहुंची और घटना का सीन री-क्रिएट किया। इस दौरान पुलिस ने 7वीं मंजिल से 3 डमी बॉडी गिराई। तीनों ही पुतले अलग-अलग एंगल से गिराए गए, ताकि ये पता चल सके कि घटना के दिन लड़की खुद से गिरी या किसी ने धक्का मारकर गिराया। घटना AIIMS गोलंबर के पास की है। सीन री-क्रिएट के दौरान AIIMS के फॉरेंसिक विभाग के प्रभारी डॉक्टर विनय कुमार भी मौजूद थे। उन्होंने कहा, “हमलोग डमी गिराकर देखते हैं कि कहां-कहां चोटें आ सकती हैं। अनुमान लगाया जा रहा कि घटना के वक्त क्या हुआ होगा।” परिजनों का कहना है कि उनकी बच्ची की हत्या की गई है। भाई ने आशंका जताते हुए कहा, “बहन की हत्या की गई है। आरोपी को सख्त से सख्त सजा होनी चाहिए।” सीन री-क्रिएट की 2 तस्वीरें… परिवार ने हत्या का लगाया था आरोप पटना के फुलवारीशरीफ में 5 दिन पहले 12वीं की छात्रा की लाश मिली थी। छात्रा सुबह 8 बजे घर से कोचिंग के लिए निकली थी। कोचिंग से थोड़ी दूर पर ही उसकी बॉडी पड़ी मिली। कोचिंग छात्रा की उम्र 17 साल है। वो फुलवारीशरीफ की रहने वाली थी। परिवार का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है। इसके बाद कोचिंग के चौथे फ्लोर से धक्का दिया गया है। कोचिंग के CCTV में छात्रा दिखाई दे रही है। इसमें वो हड़बड़ी में सीढ़ियों पर जाती दिख रही है। उसके पीछे 2 लड़के भी हैं। थोड़ी देर बाद छात्रा बिल्डिंग से नीचे गिरती दिख रही है। पुलिस ने फिलहाल उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। कोचिंग के CCTV खंगालने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घर से लगभग 2 किलोमीटर दूर है कोचिंग पटना के चक मूसा जानीपुर थाना क्षेत्र में छात्रा का घर है, जहां से कोचिंग की दूरी लगभग 2 किलोमीटर है। छात्रा के पिता किसान हैं, जबकि मां हाउस वाइफ है। छात्रा अपने पांच भाई बहनों में सबसे छोटी थी। छात्रा इंटर फर्स्ट ईयर की छात्रा थी और इंजीनियरिंग की तैयारी कर रही थी। रोज की तरह वह अपने घर से कोचिंग के लिए सुबह 8:00 बजे निकली थी। कोचिंग दूसरे बिल्डिंग के दूसरे माले पर है। जानिए कोचिंग के CCTV में क्या मिला कोचिंग के CCTV में छात्रा सफेद कपड़ों में सीढ़ियों से ऊपर की ओर जाती दिख रही है। उसके पीछे एक लड़का जाता दिखाई दे रहा है। थोड़ी देर बाद एक और लड़का सीढ़ियों से जाता दिखाई दिख रहा है। CCTV में लड़की छत से गिरती दिख रही है। दोनों लड़के सीढ़ियों से लौटते हुए भी दिख रहे हैं। नीचे आकर लड़के रुकते है और लड़की की लाश को देखते हैं और फिर दौड़कर भाग जाते हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज को जब्त किया है। इसकी जांच की जा रही है। हादसे वाली दिन की तस्वीरें… सुबह 8 बजे कोचिंग के लिए निकली थी छात्रा पिता ने बताया कि, ‘वो सुबह 8 बजे कोचिंग के लिए निकली थी। 9 बजे सूचना मिली कि उसकी मौत हो गई है। हम कोचिंग पहुंचे तो सड़क पर उसकी लाश पड़ी थी। खून के निशान भी नहीं थे। हमने सोचा की नेचुरल डेथ हुई होगी। इसके बाद हम उसके शव को लेकर दीघा आ गए। परिजन उसके अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। इस बीच छात्रा के परिजनों ने देखा कि छात्रा के पीछे के भाग पर तेज नुकीले हथियार से वार के निशान थे। सर और शरीर के कई जगहों पर चोट के निशान दिखे। हमें शक हुआ कि छात्रा की हत्या की गई है। हमने इसकी सूचना फुलवारी शरीफ थाने को दी। सूचना पाकर पुलिस दीघा घाट पहुंची। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम करवाना होगा। इसके बाद हमने शव पुलिस को सौंप दिया। अब जानिए किस हाल में मिली बॉडी छात्रा की बॉडी कोचिंग के पास सड़क पर मिली है। पास ही उसकी चप्पल पड़ी मिली। मौके से खून के निशान नहीं मिले हैं। मौत कैसे हुई है, इसे लेकर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। छात्रा के साथियों से भी पूछताछ हो रही है। इसके साथ कोचिंग संचालक से भी जानकारी ली जा रही है। जिस जगह से लड़की गिरी है, वहां ज्यादा लोग आते-जाते नहीं थे। पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। परिवार से भी जानकारी ली जा रही है। भाई बोला- हत्या हुई है, सख्त एक्शन हो लड़की के भाई ने बताया कि, ‘मेरे पास कॉल आया। कहा गया कि लड़की AIIMS में एडमिट है। हम पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। मैंने एम्स में देखा कि छात्रा की कमर के नीचे पिछले हिस्से में किसी नुकीली चीज से वार का निशान था। उसके शरीर के कई हिस्सों पर भी चोट के निशान थे। हाथ-पैर टूटे थे। कोचिंग वालों ने बताया था कि वो गिर गई है। उसकी कोचिंग दूसरी साइड है, वो यहां आकर कैसे गिरी इसका जवाब कोचिंग वाले नहीं दे रहे हैं।’ 2 छात्र आए और बताया कि छात्रा नीचे गिर गई- कोचिंग टीचर कोचिंग के शिक्षक रूपेश कुमार ने बताया, ‘मैं 8:10 बजे कोचिंग पहुंचा था। जब कोचिंग के कमरे में गया तो वहां 2-3 स्टूडेंट थे, लेकिन छात्रा वहां नहीं थी।’ जबकि सीसीटीवी में छात्रा कोचिंग शिक्षक रूपेश कुमार के पहुंचने से पहले कोचिंग में आती हुई देखी गई। कोचिंग टीचर ने आगे बताया कि, ‘कुछ देर बाद 2 छात्र भागकर आए और बताया कि छात्रा गश खाकर नीचे गिर गई है। फिर आनन-फानन में छात्रा को कोचिंग से लगभग 500 मीटर दूर मौजूद पटना एम्स ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।’ SDPO बोले- 3 लोगों को डिटेन किया है फुलवारीशरीफ SDPO 2 सुशील कुमार ने बताया कि, ‘सीसीटीवी कैमरे में छात्रा को चौथे तल्ले से गिरता हुआ फुटेज प्रतीत हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज में सीढ़ी पर तेजी से चढ़ते और उतरते हुए दो लड़कों की पहचान फ्लैट में काम करने वाले पेंटर के रूप में हुई है। दोनों युवकों को हिरासत में लेकर छात्रा की मौत से रिलेटेड मामले में पूछताछ शुरू कर दी है।’ हर एंगल से जांच कर रही पुलिस SDPO 2 सुशील कुमार ने बताया कि, पुलिस इस मामले में कई एंगल से जांच कर रही है। यह भी जांच कर रहे हैं कि संभव हो, छात्रा कोचिंग दूसरे तल्ले पर करती है, लेकिन जबरन उसे चौथे तल्ले पर ले जाया गया होगा। संभव है कि अपनी जान बचाने के लिए या तो छात्रा खुद चौथे तल्ले से कूद गई या फिर छात्रा को चौथे तल्ले से फेंक दिया गया होगा। इन सभी बातों पर पुलिस गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का यह मानना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह खुलासा होगा कि छात्रा की मौत हादसा है या हत्या।’ पप्पू यादव ने बिहार पुलिस को घेरा पूरे मामले को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बिहार पुलिस पर सवाल उठाए हैं। उनके X अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया गया। जिसमें लिखा- ‘पटना फुलवारीशरीफ में एक और बेटी की हत्या, चौथे मंजिल से फेंक कर मार डाला! पप्पू यादव जी को जेल में बंद रखने के लिए जमीन आसमान एक करने वाली बिहार पुलिस बड़ी भोली है, उसे कुछ भी नहीं पता!’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *