इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर कमल कौर भाभी का हत्यारा गिरफ्तार:UAE से पंजाब लाया गया अमृतपाल मेहरों; बठिंडा में कार में फेंकी थी लाश

लुधियाना की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी हत्याकांड का मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से पंजाब लाया गया है। पुलिस अधिकारी सर्वजीत सिंह बराड़ के अनुसार, बठिंडा पुलिस की टीम आरोपी को UAE की अथॉरिटीज से कस्टडी में लेकर भारत पहुंची। मेहरों को इसी साल जनवरी में शारजाह पुलिस ने वीजा से जुड़े मामले में पूछताछ के दौरान हिरासत में लिया था। उसे भारत लाने (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया पूरी होने में कुछ समय लग गया। 11 जून 2025 को आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर इन्फ्लुएंसर का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी थी और शव को बठिंडा के आदेश अस्पताल के बाहर खड़ी कार में छोड़ दिया था। इस मामले में उसके अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वारदात के बाद अमृतपाल देश छोड़कर फरार हो गया था। पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर उसकी लोकेशन मिडिल ईस्ट में ट्रेस की और डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू की। बाद में उसे हिरासत में लेकर भारत डिपोर्ट किया गया। 10 अप्रैल 2026 की सुबह उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया। कमल कौर भाभी के मर्डर की पूरी प्लानिंग… मिडिल ईस्ट की पुलिस की मदद से पकड़ा अमृतपाल पंजाब पुलिस के सीनियर अधिकारी सर्वजीत सिंह बराड़ ने बताया कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी हत्याकांड का मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह महरों, जो लंबे समय से फरार था, उसे आज गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद अमृतपाल विदेश भाग गया था। बाद में मिडिल ईस्ट की पुलिस की मदद से उसे भारत लाया गया और पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग के ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल (OFTEC) के जरिए गिरफ्तार किया गया। बराड़ ने कहा कि 11 जून को बठिंडा के आदेश अस्पताल की पार्किंग के पास एक शव मिला था। इस मामले में थाना कैंट बठिंडा में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि इस वारदात का मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह महरों है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर कमल कौर का गला घोंटकर हत्या की थी। कमल कौर एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थी और वीडियो व रील्स बनाती थी, जिससे आरोपी को आपत्ति थी। इस मामले में उसके तीन साथी- जसप्रीत सिंह, निम्रतजीत सिंह और रणजीत सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अमृतपाल लंबे समय से फरार था। उसे पकड़ने के लिए इंटरपोल के जरिए रेड नोटिस भी जारी किया गया था और अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। अब पूरी कोऑर्डिनेशन के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। कौन है अमृतपाल मेहरों पुलिस की जांच में सामने आया है कि अमृतपाल सिख नहीं था, वह मुस्लिम परिवार में जन्मा था। सिख धर्म से प्रभावित होकर अमृतपाल सिंह मेहरों निहंग बन गया। अमृतपाल केवल 12वीं तक पढ़ा था। उसने 2014 में आईटीआई मोगा से डीजल मैकेनिक्स में डिप्लोमा किया था। निहंग बनने के बाद उसने 2022 में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा। हालांकि, उसे केवल 6,363 वोट मिले और उसकी जमानत जब्त हो गई। एक इंटरव्यू में अमृतपाल ने बताया था कि वह मूल रूप से मोगा का रहने वाला है। उसका जन्म मुस्लिम परिवार में हुआ। उसके दादा के पांच बेटे थे। इनमें से उसके पिता बलजिंदर सिंह ने अमृत ग्रहण किया था और ग्रंथी सिंह की सेवा भी की थी। इसके अलावा उसके पिता के चार भाइयों के नाम फुमण खां, तोता खां, बूटा खां और रूलदू खां है। *************** ये खबर भी पढ़ें: पंजाब में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की कार में लाश मिली: युवक पार्किंग में छोड़कर भागा; आतंकी डल्ला ने अश्लील कंटेंट पर धमकी दी थी पंजाब की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर भाभी उर्फ कंचन कुमारी की मौत हो गई। उसकी लाश बठिंडा में एक अस्पताल की पार्किंग में कार से मिली। घटना का एक CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें 10 जून को सुबह 5:33 बजे एक कार अस्पताल की पार्किंग में आती हुई दिख रही है। एक सिख युवक कार पार्क करके वहां से चला जाता है। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *