कैराना की सांसद इकरा हसन पर हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें पिंकी चौधरी कुछ लोगों के साथ बैठकर सांसद के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते दिख रहा है। वह इकरा हसन को खुद को गुर्जर कहने पर विवादित बयान देता दिख रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर 14 अक्टूबर को पाेस्ट हुआ था। इसी वीडियो पोस्ट होने के अगले दिन 15 अक्टूबर को इकरा हसन सहारनपुर जिले गंगोह क्षेत्र के छापुर गांव पहुंची थीं। वहां उन्होंने गांव के लोगों की मौजूदगी में भावुक होते हुए कहा था कि ‘मुझे मुल्ली और आतंकवादी कहा जा रहा है।’ हालांकि हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने इकरा हसन के ऊपर अपनी टिप्पणी किस संदर्भ की, यह सामने नहीं आया है। न ही दैनिक भास्कर पिंकी चौधरी से जुड़े वायरल वीडियो की पुष्टि करता है। इकरा हसन ने इस मामले में कैराना के पूर्व सांसद प्रदीप कुमार पर निशाना साधा था। उनका नाम लिए बिना कहा था कि यह उनके इशारे पर उनके समर्थक कर रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सांसद के समर्थन में उतरे अब सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कैराना सांसद इकरा हसन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सपा सांसद इकरा हसन बहुत ही सुशिक्षित, शालीन, सभ्य और सबका सम्मान करने वाली लोकप्रिय सांसद हैं। उनके खिलाफ जिस प्रकार के शब्दों का प्रयोग किया गया है, वह बेहद शर्मनाक है। राजकुमार भाटी ने कहा-यदि कोई एक बेटी के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करता है, तो उसकी बुद्धि पर तरस ही खाया जा सकता है। ऐसे लोगों में इंसानियत नाम की चीज नहीं बची है। गुरुवार को रेलवे रोड स्थित होटल पंजाब में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। एक दिन पहले ही भावुक हुई थीं इकरा हसन दरअसल एक दिन पहले ही सहारनपुर के छापुर में समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने एक कार्यक्रम के दौरान खुद पर होने वाले अभद्र टिप्पणी पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कैराना के पूर्व सांसद प्रदीप कुमार का नाम लिए बिना उन पर उनके उनके समर्थकों पर आरोप लगाया था। इकरा हसन ने कहा था कि पूर्व सांसद अपने समर्थकों से उन पर निजी हमला करवा रहे हैं। उन्हें मुल्ली और आतंकवादी कहा जा रहा है। सांसद का वीडियो वायरल है, जिसमें वह अपनी बात रखते हुए भावुक दिख रही हैं। पूर्व सांसद ने पलटवार कर आरोपों को नकारा अगले दिन गुरुवार को पूर्व भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी ने सपा सांसद इकरा हसन के आरोपों का पलटवार करते हुए कहा कि इकरा हसन पहले खुद के बर्ताव पर नजर डालें। उनका परिवार लंबे से राजनीति में रहा है। वह ये भी देखें कि मायावती पर हमले में कौन शामिल था। मुजफ्फरनगर के दंगों में कौन सक्रिय था। कैराना पलायन किसने कराया। कोरोना के समय किसने कहा था कि भाजपा वालों की दुकानों से सामान मत लो। इन सब पर भी सपा सांसद को जवाब देना चाहिए’। अब पढ़िए राजकुमार भाटी ने और क्या कहा -डर गई भाजपा सरकार…इसलिए चौपाल की अनुमति नहीं दे रही राजकुमार भाटी ने कहा-सरकार डरी हुई है। क्योंकि हमारे आंदोलनों से जनता जागरूक हो रही है। इतिहास गवाह है कि तानाशाह जनता से डरते हैं। लोकतांत्रिक शासक जनता को बोलने देता है, लेकिन ये सरकार नहीं चाहती कि किसान, मजदूर, दलित और गरीब अपनी बात रखें। लखनऊ के इशारे पर पंचायतें रोकी जा रही हैं। उन्होंने कहा-हमने फैसला किया है कि हमारी पंचायतें जारी रहेंगी। रोकने की कोशिश की जाएगी, लेकिन हम नहीं रुकेंगे। जल्द ही एक बड़ी रैली होगी, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। -बीजेपी दफ्तर से बनकर आ रहे बहनजी के कार्यक्रम बसपा प्रमुख मायावती पर निशाना साधते हुए कहा-बहनजी बड़ी नेता हैं। मैं उनका सम्मान करता हूं, लेकिन आजकल उनके कार्यक्रम बीजेपी दफ्तर से बनकर आते हैं और वहीं उनके भाषण टाइप होते हैं। बहनजी सिर्फ पढ़ देती हैं। बीजेपी अब तय करती है कि उन्हें क्या बोलना है और क्या नहीं बोलना है। -कुल आबादी का 90% है PDA..सरकार इन्हें जागरूक नहीं होने देना चाहती सपा प्रवक्ता ने बताया कि समाजवादी पार्टी पीडीए चौपाल कार्यक्रम चला रही है। इसका उद्देश्य उन 90 प्रतिशत लोगों को जागरूक करना है, जिनके साथ सरकार अन्याय कर रही है। भाटी ने कहा-ये आंदोलन उन सभी के लिए है, जो पीड़ित, अपमानित और दुखी हैं। चाहे वे दलित हों, पिछड़े हों या अल्पसंख्यक। जिन जातियों को उनका हक नहीं मिला, वे भी पीडीए का हिस्सा हैं। -20 रुपए की जेब काटकर 50 रुपए पर ताली बजवा रही सरकार जीएसटी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। कहा-सरकार 20 रुपए की जेब काटकर 50 रुपए पर ताली पिटवा रही है जनता से। जीएसटी के नाम पर बड़े षड्यंत्र किए गए हैं। लूट की गई है, ठगी की गई है। सरकार की बदनीयति साफ झलकती है। जीएसटी के स्लैब इस तरह से बनाए गए हैं कि छोटे उद्योग बर्बाद हो जाएंगे और बड़े उद्योगपतियों को फायदा होगा। -बिहार में तानाशाही नहीं चलेगी, इस बार सरकार बदलेगी बिहार चुनाव को लेकर कहा-हम बिहार में फिजिकली सक्रिय नहीं हैं, हम यूपी देखते हैं, लेकिन जो खबरें वहां से मिल रही हैं, उससे साफ है कि जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है। यही कारण है कि ये लोग डरे हुए हैं। एसआईआर लाकर चुनाव को डिस्टर्ब करने की कोशिश कर रहे हैं। जब जनता जाग जाती है, तो तानाशाही टिक नहीं पाती। बिहार में सरकार बदलेगी। -यूपी में आईएएस फरार, इंस्पेक्टर दीवार फांदकर भागा भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार पर बोलते हुए उन्होंने कहा-भाजपा की जहां-जहां सरकार है, वहां रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार और शोषण बढ़ा है। यूपी में एक आईएएस अफसर फरार है, सस्पेंड भी है, उसकी जांच का कुछ पता नहीं चल रहा। वो सीएम का चहेता था और उस पर हजारों करोड़ के घोटाले का आरोप है। नोएडा में दो आईपीएस के खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए हैं। बरेली में पुलिस ने छापा मारा तो इंस्पेक्टर थाने की दीवार फांदकर भाग गया। यूपी के हालात बेहद खराब हैं। —————— अब उस दिन की घटना समझिए, जिसका जिक्र कर सांसद भावुक हुईं दरअसल, 3 अक्टूबर को गंगोह क्षेत्र के छापुर गांव में शिव मंदिर खंडित किया गया था। इसको लेकर हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष रोहित प्रधान ने संगठन के लड़कों के साथ बाइक रैली निकाली। इस दौरान सांसद इकरा हसन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्हें गालियां दीं। प्रदर्शन को फेसबुक पर लाइव किया गया था। वीडियो सामने आने पर सपा और रालोद कार्यकर्ताओं में गुस्सा भड़क गया। रालोद प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी सलीम कुरैशी ने इस मामले में नकुड़ थाने में शिकायत की। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज किया। FIR के बाद आरोपी रोहित प्रधान ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने सांसद इकरा हसन से माफी मांगी। आरोपी रोहित प्रधान को जिस दिन गिरफ्तार किया गया, उसी रात उसे छोड़ दिया गया। पढ़ें पूरी खबर मेवात में क्या हुआ, जानिए? इकरा हसन का AI से आपत्तिजनक VIDEO बनाया, पंचायत ने माफी मंगवाई बात जुलाई की है। सपा सांसद इकरा हसन का हरियाणा के नूंह में 2 नाबालिग लड़कों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से आपत्तिजनक वीडियो बनाया। फिर फेसबुक पर फेक अकाउंट बना उसे अपलोड कर दिया। यह वीडियो वायरल होकर सांसद इकरा हसन तक भी पहुंचा। फिर इकरा हसन ने पूरा मामला पता कराया। मामला नूंह का निकला। इसके बाद उन्होंने अपनी जानने वाली नूंह से कांग्रेस की महिला जिला अध्यक्ष रजिया बानो के पास फोन किया और वीडियो के बारे में जानकारी दी। रजिया ने पूरी जांच कराई। जांच में सामने आया कि दोनों लड़के फिरोजपुर झिरका के आमका गांव के रहने वाले हैं। गांव में पंचायत हुई। जब दोनों लड़कों से वीडियो के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए उन्होंने वीडियो को AI से बनाया था। इसके बाद दोनों से कान पकड़कर माफी मंगवाई गई। इस दौरान रजिया ने उन्हें थप्पड़ भी जड़े। पढ़ें पूरी खबर… ——————