इजराइल-ईरान संकट के बीच 6 दिन बाद लखनऊ से फ्लाइट शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को 1303 लोगों ने यात्रा की। इनमें खाड़ी देशों से आने वाले यात्रियों की संख्या 838 रही। वहीं, 465 लोगों ने लखनऊ से उन देशों के लिए उड़ान भरी। लखनऊ एयरपोर्ट से दिनभर में कुल 9 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित हुईं, जिनमें खाड़ी देशों से आने वाली और वहां जाने वाली दोनों तरह की फ्लाइट शामिल रहीं। शुक्रवार तड़के से ही खाड़ी देशों की उड़ानों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दम्माम से जेद्दा तक की फ्लाइट लखनऊ में उतरीं सबसे पहले दम्माम से आने वाली फ्लाइट XY896 सुबह 05:15 बजे लखनऊ पहुंची, जिसमें 154 यात्री सवार थे। इसके बाद शारजाह से आने वाली फ्लाइट 6E1424 सुबह 07:05 बजे एयरपोर्ट पर उतरी, जिसमें 163 यात्री पहुंचे। सुबह 08:00 बजे मस्कट से आने वाली फ्लाइट WY265 लखनऊ पहुंची, जिसमें 74 यात्री सवार थे। इसके कुछ देर बाद रियाद से आने वाली फ्लाइट XY333 सुबह 09:00 बजे लखनऊ उतरी, जिसमें 160 यात्री आए। जेद्दा से आने वाली फ्लाइट SV890 सुबह 10:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंची, जिसमें सबसे ज्यादा 287 यात्री सवार थे। मस्कट, रियाद के लिए भी रवाना हुई फ्लाइट आगमन के साथ-साथ लखनऊ से खाड़ी देशों के लिए उड़ानों का संचालन भी जारी रहा। लखनऊ से दम्माम जाने वाली फ्लाइट XY897 सुबह 06:15 बजे रवाना हुई, जिसमें 84 यात्री सवार थे। इसके बाद मस्कट जाने वाली फ्लाइट WY266 सुबह 08:50 बजे लखनऊ से उड़ी, जिसमें 78 यात्री थे। वहीं रियाद जाने वाली फ्लाइट XY334 सुबह 10:00 बजे रवाना हुई, जिसमें 130 यात्री सवार थे। इसके अलावा जेद्दा के लिए फ्लाइट SV891 दोपहर 12:05 बजे लखनऊ से रवाना हुई, जिसमें 173 यात्री सफर कर रहे थे। संघर्ष के कारण कई उड़ानें रद्द, यात्रियों में दिखी चिंता मध्य-पूर्व में इज़राइल और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयरस्पेस पर असर पड़ने की वजह से कुछ फ्लाइट्स रद्द भी करनी पड़ीं, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट पर यात्रियों के बीच थोड़ी चिंता जरूर देखने को मिली, लेकिन एयरपोर्ट की व्यवस्थाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। यात्री बोले- “दो दिनों से घर लौटने का इंतजार था” लखनऊ पहुंचे एक यात्री ने बताया कि वहां लोगों के बीच थोड़ा डर और घबराहट जरूर है, लेकिन हालात पूरी तरह से बिगड़े नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर सामान्य गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन कई उड़ानें रद्द होने के कारण लोगों को लौटने में परेशानी हो रही थी। यात्री ने बताया, “पिछले दो दिनों से हम घर लौटने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही फ्लाइट मिली, हम तुरंत रवाना हो गए। लखनऊ पहुंचकर बहुत अच्छा लग रहा है कि आखिरकार हम सुरक्षित घर लौट आए।” सरकार का आभार, जल्द हालात सामान्य होने की उम्मीद लखनऊ पहुंचे यात्रियों ने सुरक्षित वापसी के लिए सरकार का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि सरकार की पहल से ही उन्हें समय रहते वापस आने का मौका मिला। यात्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले एक-दो दिनों में हालात सामान्य हो जाएंगे और उड़ानों का संचालन भी पूरी तरह पटरी पर लौट आएगा।