इज़रायल-ईरान युद्ध:दुबई में फंसा बेटा, मां की मौत:गुरदासपुर में अंतिम संस्कार के लिए हो रहा इंतजार, दो साल पहले गया था विदेश

इज़रायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर अब पंजाब में भी दिखाई देने लगा है। इस संघर्ष के कारण दुबई में फंसा एक युवक अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे परिवार को अंतिम रस्मों के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। गुरदासपुर जिले के गांव अठवाल, थाना सेखवां निवासी विजय मसीह पिछले दो वर्षों से रोज़गार के सिलसिले में दुबई में रह रहा है। सोमवार को उसकी माता राज पती, पत्नी विलियम मसीह, का निधन हो गया। मृतका के भतीजे सलामत मसीह ने बताया कि विजय मसीह वर्तमान में दुबई में है, लेकिन इज़रायल-ईरान युद्ध के चलते वह भारत नहीं लौट पा रहा है। सलामत मसीह के अनुसार, उनकी चाची राज पती लंबे समय से बीमार थीं और सोमवार शाम उनका देहांत हो गया। परिवार अब विजय मसीह के भारत पहुंचने का इंतजार कर रहा है, ताकि वह अपनी मां की अंतिम रस्में निभा सके। परिजनों ने सरकार से अपील की है कि युद्ध के हालात भले ही अनिश्चित हों, लेकिन विदेशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि इससे विजय मसीह जैसे लोग अपने परिजनों की अंतिम रस्मों में शामिल हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *