इफ्तार पार्टी में हाथ जोड़कर प्रणाम करते दिखे नीतीश:टोपी-गमछा पहनकर सबसे आगे बैठे निशांत, आखिरी में बैठे दिखे मुख्यमंत्री

CM नीतीश कुमार के आवास पर आज यानी बुधवार की शाम इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इफ्तार पार्टी शुरू होने से पहले नमाज अदा की गई। इस दौरान निशांत कुमार रोजेदारों के साथ टोपी-गमछा पहनकर बैठे थे। वहीं CM नीतीश कुमार कुर्सी पर दोनों हाथ जोड़े हुए बैठे दिखे। निशांत कुमार जहां रोजेदारों के साथ बैठे थे, वहां पहले नीतीश कुमार बैठते थे। लेकिन इस साल नीतीश कुमार रोजेदारों के साथ पीछे बैठे थे। इफ्तार पार्टी में दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ-साथ मंत्री विजय चौधरी, जमा खान, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, विधायक, विधान पार्षद (MLC) और बड़ी संख्या में रोजेदार शामिल हुए। गेट नंबर- 13 से सभी रोजेदारों को पास दिखाने पर एंट्री दी गई। एंट्री गेट के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नेताओं को अंदर कुछ ले जाने की अनुमति नहीं थी। सीएम नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा से लौटने के बाद इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। सीएम आवास की इफ्तार पार्टी की तस्वीरें कल हज भवन की इफ्तार में दिखे थे नीतीश-निशांत मंगलवार को पटना के हज भवन में मंत्री जमा खान ने इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार पहुंचे थे, लेकिन वे महज दो मिनट रुककर वापस लौट गए। उनके बेटे निशांत कुमार भी पार्टी में शामिल हुए थे। मंत्री जमा खान की इफ्तार पार्टी की तस्वीरें… निशांत कुमार के समर्थन में लगे थे नारे इफ्तार पार्टी में निशांत कुमार का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्हें वहां मौजूद लोगों ने मुस्लिम टोपी पहनाई। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नारे लगाए- ‘बिहार का CM कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो।’ इस दौरान निशांत ने बादाम उठाकर उसे प्रणाम किया और फिर खाया। साथ ही एक महिला कार्यकर्ता ने उनके साथ सेल्फी भी ली। इफ्तार पार्टी में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन भी पहुंचे थे। निशांत कुमार ने दोनों नेताओं से मुलाकात की और बातचीत की। नीतीश ने नहीं पहनी टोपी इफ्तार में सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी चर्चा का विषय रही। परंपरा के अनुसार, इफ्तार में टोपी पहनने का रिवाज होता है, लेकिन उन्होंने खुद टोपी नहीं पहनी। उन्हें टोपी दी गई थी, जिसे उन्होंने अपने करीबी नेता विजय कुमार चौधरी को पहना दी। चिराग की इफ्तार पार्टी में भी पहुंचे थे सीएम इससे पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के पटना स्थित आवास पर भी इफ्तार पार्टी का आयोजन हुआ था। इसमें सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत एनडीए के कई बड़े नेता शामिल हुए। हालांकि, सीएम नीतीश वहां भी सिर्फ 2 मिनट रुके। इस दौरान रामविलास पासवान की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया, चिराग पासवान से मुलाकात की और फिर लौट गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *