मेरठ में शनिवार रात मामूली कहासुनी को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। इसमें दो सगे भाइयों की हत्या हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। मरने वाले दोनों ग्राम प्रधान के भाई हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद से गांव में तनाव है। बताया जा रहा है कि जुआ खेलने के दौरान झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मौके पर 3 थानों की पुलिस फोर्स मौजूद है। एसएसपी अविनाश पांडेय भी मौके पर पहुंच गए हैं। मामला सरधना के गांव मेहरमती गणेशपुर का है। पहले 4 तस्वीरें देखिए… अब जानिए पूरा मामला मेहरमती गणेशपुर में छोटा कब्रिस्तान के पास खेत में गांव के ही दो पक्ष जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनमें पहले नोकझोंक हुई। फिर खूनी संघर्ष हो गया। एक पक्ष ग्राम प्रधान सईदु का बताया जा रहा है। जिनमें खुद प्रधान सईदु (50) के भाई सईमुद्दीन (48) और भूरा (38) शामिल हैं। दूसरे पक्ष में चुन्नू (30) शामिल है। मारपीट में प्रधान के दोनों भाइयों भूरा और सईमुद्दीन की मौत हो गई है। एक ही कुनबे के बताए जा रहे दोनों पक्ष
थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने बताया- दोनों पक्षों में पहले गाली-गलौज शुरू हुआ, फिर नोकझोंक होने लगी। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने अपने-अपने लोगों को वहां बुला लिया। मामला इतना बड़ा की लाठी-डंडों के अलावा धारदार हथियार भी चलने लगे। इससे कई लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लेकर भागे घरवाले
करीब 15 मिनट तक दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, जिनमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घरवाले कुछ ग्रामीणों के साथ सभी घायलों को उठाकर अस्पताल की ओर भागे। यहां से कई लोगों की हालत गंभीर होने से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भूरा और सईमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया गया। एसएसपी और एसपी देहात पहुंचे गांव
सूचना मिलते ही एसएसपी अविनाश पांडे और एसपी देहात अभिजीत कुमार गांव पहुंचे। उन्होंने वारदात वाली जगह का निरीक्षण किया। गांव के लोगों से भी बात की। फिलहाल सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। 5 घायलों की हालत गंभीर बनी है। हमले के तीन आरोपी हिरासत में
वारदात के बाद 3 थानों की फोर्स सरधना पहुंच गई। ग्रामीणों से बात करने के बाद हमलावरों की तलाश में दबिश शुरू कर दी। पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है। मातम में बदली ईद की खुशियां
एक छोटे से विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया। बताया जाता है कि ईद-उल-फितर को लेकर सभी के परिवारवाले बेहद खुश थे। सुबह से ही रिश्तेदारों का आना-जाना लगा था। सब कुछ ठीक चल रहा था। इसी बीच शाम को दोनों पक्ष जुआ खेलने बैठ गए। छोटा-सा विवाद हुआ और उसने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया- गांव महरमती गणेशपुर गांव में विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया, जिसमें दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने तीन हमलावरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की है। अन्य की तलाश में दो टीमों को लगाया गया है। ———————- यह खबर भी पढ़ें… बच्चे के सीने में गले तक घुसा 4 फीट सरिया, बुलंदशहर में पैर फिसलने से पिलर पर गिरा बुलंदशहर में एक 10 साल का बच्चा पिलर के ऊपर गिर गया। इससे लोहे का सरिया उसके सीने से घुसकर गले के आर-पार हो गया। बच्चा एक निर्माणाधीन मकान में अपनी गेंद उठाने गया था। उसी समय पैर फिसलने से वह पिलर पर गिर गया। पढ़ें पूरी खबर…