‘उसने इलाज में मदद के बहाने बढ़ाई थी नजदीकी’:लखनऊ में सिपाही की पत्नी के सुसाइड के बाद बोली बहन- केस होने पर झूठी शादी रचाई थी

‘अनुराग हमारे भाई अवधेश का परिचित है। 2021 में भाई जब बीमार हुए तो वह हमारे घर आने-जाने लगा। कुछ दिन में भाई का इलाज पीजीआई में होने लगा तो उसके लिए यह हमारी बहन सौम्या से नजदीकी बढ़ाने का बहाना हो गया। उसने नजदीकी बढ़ाई और अपने साथ रखा। कुछ दिन में शादी की बात पर हमारी बहन को छोड़ दिया। जब उस पर केस हो गया तो उससे बचने के लिए झूठी शादी रचा ली। इसके लिए पुलिसकर्मियों ने ही उसे कहा था कि शादी कर लो, वर्ना जेल चले जाओगे।’ यह कहना है लखनऊ में रील बनाकर सुसाइड करने वाली सिपाही की पत्नी की बहन का। बीकेटी थाने में तैनात सिपाही अनुराग की पत्नी सौम्या ने 27 जुलाई को वीडियो बनाकर सुसाइड कर लिया था। उसने आरोप लगाए थे कि सिपाही और उसके घरवाले उसे मारते-पीटते हैं। इस पूरे मामले की असलियत जानने दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने मृतका की बहन से बात की। उन्होंने जो भी बताया उसे पढ़ेंगे इस रिपोर्ट में… सौम्या की 3 तस्वीरें… अब पढ़िए सौम्या की बहन ने जो बताया… दोस्ती का फायदा उठाकर घर में घुसा अनुराग मैनपुरी में रहने वाली सौम्या की बहन चांदनी लखनऊ आई हुई हैं। वह हमें बीकेटी में घटनास्थल पर मिलीं। उन्होंने बताया- हमारा घर अलीपुर खेड़ा और अनुराग का घर जगदीशपुर गांव किशनी में पड़ता है। दोनों के घर की दूरी 40 किलोमीटर से भी कम है। अनुराग हमारे परिवार से पहले ही संपर्क में था। हमारे बड़े भाई अवधेश से दोस्ती थी। अवधेश दिल्ली जॉब करने चले गए और अनुराग की पोस्टिंग लखनऊ में हो गई। भाई के इलाज में मदद करके भरोसा जीता बहन चांदनी ने बताया- बड़े भाई अवधेश की 2021 में तबीयत खराब हुई। डॉक्टर ने दिल में छेद बताया। उसका इलाज लखनऊ के पीजीआई में शुरू हुआ। इलाज के लिए सौम्या साथ में आती थी। उस दौरान अनुराग गुडंबा थाने में तैनात था। भाई का परिचित होने की वजह से अस्पताल मिलने आता था। उसी दरम्यान मदद के बहाने सौम्या से संपर्क बढ़ा लिया। इसके बाद उससे मिलने जुलने लगा और प्रेमजाल में फंसा लिया। पुलिस के सामने मंदिर में हुई थी शादी चांदनी ने बताया- अनुराग ने प्रेमजाल में फंसाया और शादी का प्रस्ताव दिया जिसे सौम्या ने स्वीकार लिया। इसके बाद शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। तीन साल बाद शादी से मुकर गया। इस पर सौम्या ने कोतवाली मैनपुरी में अनुराग के खिलाफ 2022 में केस दर्ज करा दिया। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए अनुराग ने सौम्या से फिर बातचीत शुरू कर दी। कुछ समय बाद सौम्या अनुराग के झांसे में और घर के खिलाफ जाकर मैनपुरी में शीतला माता मंदिर में शादी कर ली। अनुराग और सौम्या की शादी में मैनपुरी में कई पुलिसकर्मी और मीडियाकर्मी मौजूद थे। पुलिसवालों ने जेल से बचने के लिए शादी का सुझाव दिया बहन चांदनी बताया कि केस दर्ज होने के बाद उस पर वापस लेने का दबाव बनाता था। जनवरी में सौम्या के पास जाकर उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस पर सौम्या फिर से पुलिस थाने चली गई। इस पर उसको पुलिसकर्मियों ने ही शादी करके की सलाह दी। वर्ना जेल जाने की बात कही। प्लान के तहत अनुराग ने शादी कर केस खत्म करवाने में लग गया। मामला शांत होते ही प्रताड़ना शुरू कर दी। पिता ने पति अनुराग के खिलाफ हत्या कर पंखे से लटकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इसके साथ ही भाई रंजीत, बहनोई संजय व बहन प्रेमलता पर साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस का कहना है कि अनुराग को हिरासत में लेकर जांच चल रही है। तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। 3-4 दिनों तक भूखा रखा, फिर फांसी पर लटका दिया सौम्या की बहन चांदनी ने बताया- उसने हमारी बहन को 3-4 दिनों तक भूखा रखा, फिर फांसी पर लटका दिया। अनुराग 5 दिन पहले जबरदस्ती बुलाकर लखनऊ लाया था। उसके जीजा भी पुलिस में हैं। एक चाचा वकील हैं। उन लोगों ने उसे कहा था कि मार दो कुतिया को। हम तुम्हें कुछ नहीं होने देंगे। यहां हमारी बहन को सुबह मार दिया। पड़ोसियों को जब पता चला तो उन्होंने दोपहर 3 बजे हमें सूचना दी। पुलिस वाले लोगों को बचाने के लिए होते हैं लेकिन इसने (अनुराग ने) हमारी बहन को मारा। उसने बहन को फांसी पर लटकाया तो उसे भी फांसी ही होनी चाहिए। उससे कम सजा नहीं होनी चाहिए। फिल्मी गानों पर रील बनाने की शौकीन थी सौम्या सिपाही अनुराग की पत्नी सौम्या ने क्रांति फिल्म के गाने ‘ओए नौकर सरकारी तने दिल देके मैं हारी…। तुझसे शादी कर गाने पर रील शेयर की थी। इस रील में उसकी पति के साथ की अलग-अलग तस्वीरें हैं। हरितालिका तीज से कुछ घंटे पहले सैयारा के गाने पर वीडियो पोस्ट किया था। इसके अलावा एक अन्य वीडियो में सौम्या रोते हुए नजर आ रही है। साथ ही वह अपने चेहरे और हाथ पर लगे घाव दिखा रही है। सौम्या ने रोते हुए और उदासी वाले कई वीडियो अपलोड किए हैं। दो महीने से रील में नहीं दिखा सिपाही पति सौम्या इंस्टाग्राम पर रील शेयर करती रहती थी। 2 महीने पहले तक उसकी रील हैपी मोमेंट्स वाली रहीं। उन रील में सिपाही पति अनुराग भी दिखता था। उसके बाद से रील में अनुराग का दिखना बंद हो गया। इसके अलावा, कई रील्स में उसने फोन पर सिपाही पति के साथ रिकॉर्डेड वीडियो देखने की रील्स शेयर की हैं। —————- खबर ये है… लखनऊ में सिपाही की पत्नी ने सुसाइड किया, VIDEO:बोली- किसी को न छोड़ना; रेप केस के बाद 7 महीने पहले मंदिर में की थी शादी लखनऊ में एक सिपाही की पत्नी ने सुसाइड कर लिया। फांसी लगाने से पहले महिला ने 2 वीडियो बनाए। जिसमें उसने अपने पति, जेठ और बहनोई पर मारने-पीटने का आरोप लगाया है। कहा, परिवार वाले पति की दूसरी शादी करना चाहते हैं। इसलिए प्रताड़ित कर रहे हैं। उसने अंत में यह भी कहा, अब उम्मीद नहीं बची है। किसी को छोड़ा न जाए। (पूरी खबर पढ़िए)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *